CG
रायपुर: राजधानी के वीआईपी इलाके तेलीबांधा स्थित ‘होटल एरिना बुटिक’ में मिली दो विदेशी युवतियों के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संदिग्ध गतिविधियों और वैध दस्तावेजों के अभाव में हिरासत में ली गई उज्बेकिस्तान की इन युवतियों के खिलाफ पुलिस ने 3 महीने की जांच के बाद FIR दर्ज कर ली है।

9 जनवरी को होटल में पड़ी थी रेड
पूरा मामला 9 जनवरी 2026 का है, जब तेलीबांधा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि होटल एरिना बुटिक में दो विदेशी युवतियां ठहरी हुई हैं और उनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना पर पुलिस की टीम ने दबिश दी और दोनों युवतियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान युवतियां भारत में रहने या यात्रा करने से संबंधित कोई भी वैध पासपोर्ट या वीजा पेश नहीं कर पाईं।
3 महीने तक नहीं दी कोई जानकारी
हिरासत में लेने के बाद दोनों महिलाओं को रायपुर सेंट्रल जेल परिसर स्थित डिटेंशन सेंटर में रखा गया था। तेलीबांधा निरीक्षक अविनाश सिंह के अनुसार, पुलिस ने युवतियों को दस्तावेजों के लिए कई मौके दिए, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद भी उन्होंने अपने बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
विदेशी विषयक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
वैध दस्तावेज पेश न करने पर 13 मार्च को पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए दोनों युवतियों के खिलाफ आव्रजन और विदेशी विषयक अधिनियम 2025 की धारा 3, 21 और 23 के तहत अपराध दर्ज किया है।
अब दूतावास की मदद से होंगी डिपोर्ट
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने के बाद अब संबंधित दूतावास से संपर्क किया गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इन युवतियों को उनके देश डिपोर्ट (वापस भेजने) की तैयारी की जा रही है।