CG – रेलवे की महिला अफसर सुसाइड केस मामले में अपडेट: पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार… अवैध संबंध, मारपीट से परेशान थी विनीता… एक साल पहले की थी आत्महत्या

Update in the railway woman officer suicide case

डेस्क। बिलासपुर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में पदस्थ कमर्शियल इंस्पेक्टर विनीता साहनी की आत्महत्या मामले में तोरवा पुलिस ने सोमवार को उसके पति ओब्रे हेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। जांच में पता चला है कि ओब्रे हेल (40) के दूसरी महिला से अवैध संबंध और मारपीट से तंग आकर विनीता साहनी (37) ने आत्महत्या की थी। विनीता ने 6 अप्रैल 2024 को अपने एनई कॉलोनी स्थित घर में फांसी लगाकर जान दे दी थी। आत्महत्या के पीछे विभागीय तनाव के साथ-साथ वैवाहिक कलह की भी अहम भूमिका सामने आई है। घटना के बाद रेलवे अस्पताल से पुलिस को मेमो प्राप्त हुआ। मृतका के माता-पिता दिल्ली में रहते हैं।

बेटी के सुसाइड के बाद परिजनों ने आरोप लगाया था कि ओब्रे ने पैसे देखकर उसकी बेटी से शादी की थी। लेकिन उसके दूसरी महिला से संबंध थे। परिजनों के बयान और मोबाइल पर मिले सबूत के आधार पर घटना के एक साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद से ही परिजनों ने उसकी मौत पर सवाल उठाए थे। उनकी बड़ी बहन रिंकी ने कहा था कि विनीता बेहद स्ट्रॉन्ग थी, सुसाइड नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि घटना के एक दिन पहले वीडियो कॉलिंग से उनकी बात भी हुई थी, तब वो एकदम खुश थी।

दूसरे दिन ऐसा क्या हो गया, जिसके कारण उसे सुसाइड करना पड़ा। रिंकी का कहना है कि विनीता ने सुसाइड नहीं किया है। वो घरेलू हिंसा की शिकार हुई। मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या की गई, फिर फंदे पर लटका दिया। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए न्याय की मांग की थी।

मामले की जांच में पता चला कि विनीता ने सिरगिट्‌टी थाना क्षेत्र के ओब्रे हेल (40) के साथ प्रेम विवाह किया था। पति आब्रे हेल ने मामले को डायवर्ट करने के लिए शुरूआती जांच में डिपार्टमेंट के सीनियर अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप का आरोप लगाया। लेकिन, जब विनीता के परिजन दिल्ली से बिलासपुर आए तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। उनका कहना था कि ऑफिशियल दिक्कत होती तो वो जरूर बताती।

विनीता के पिता और परिजनों ने पुलिस को बताया था कि ओब्रे हेल ने पैसों की लालच में उसे प्रेमजाल में फंसाया था। जिसके बाद उससे शादी कर ली। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति का दूसरी महिलाओं से संबंध होने की बात को लेकर विनीता से अक्सर विवाद होता रहता था।

ओब्रे उसके साथ मारपीट भी करता था। ओब्रे बेरोजगार था। विनीता के कहने पर परिजनों ने उसे जिम खोलकर दिया। नुकसान होने पर दूसरे व्यवसाय के लिए भी पैसे दिए। लेकिन उसे भी उसने अय्याशी में खर्च कर दिया। इधर, पुलिस ने जब विनीता साहनी के मोबाइल की जांच कराई तो उसमें ओब्रे हेल द्वारा विनीता से मारपीट के साक्ष्य मिले। सिटी कोतवाली सीएसपी व आईपीएस अक्षय साबद्रा ने कहा कि परिजनों के बयान और मामले की जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पति ओब्रे हेल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

CG में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 31 IPS अफसरों के...

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 31 भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारियों के तबादले किए हैं। गृह विभाग द्वारा...

छत्तीसगढ़ पर्यटन बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े से सावधान,...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के नाम पर फर्जीवाड़े की शिकायतों को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों...

Durg News : हमर क्लीनिक में स्टाफ नर्स ने...

भिलाई। जामुल थाना क्षेत्र के घासीदास नगर में हमर क्लीनिक में कार्यरत एक स्टाफ नर्स ने अपने कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर...

CG में बड़ा हादसा : नदी के तेज बहाव...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बिलासपुर जिले से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। स्कूल से घर लौट...