वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्रवासियों को धनतेरस पर मिली बड़ी सौगात: MLA रिकेश सेन के प्रयास से 10 करोड़ के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति… इन वार्डों में आरसीसी रोड, नाली निर्माण और डोम शेड का होगा निर्माण

भिलाई। धनतेरस के दिन वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन के प्रयास से विधानसभा क्षेत्र के निगम भिलाई अंतर्गत विभिन्न वार्डों में विकास कार्य के लिए 10 करोड़ रूपये की स्वीकृति उप मुख्यमंत्री एवं भारसधाक मंत्री अरूण साव ने दी है। सेन ने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 21 अगस्त को नगरपालिक निगम भिलाई को वित्तीय वर्ष 2024-25 में अधोसंरचना मद अंतर्गत विभिन्न विकास कार्यों हेतु प्रस्ताव भेजा था जिसके लिए आज 10 करोड़ की अनुदान राशि की स्वीकृति प्रदान किये जाने की घोषणा की गई है। आज इस आशय का स्वीकृति आदेश भी संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास द्वारा आयुक्त नगर पालिक निगम को आ गया है।

आपको बता दें कि 10 करोड़ की स्वीकृति राशि से वार्ड-2 त्रिवेणी नगर में गार्डन निर्माण और सौन्दर्यीकरण, दीनदयाल कॉलोनी में गार्डन निर्माण, वार्ड-4 नेहरू नगर में सड़क सीमेंटीकरण कार्य, और वार्ड-8 न्यू कृष्णा नगर में चौरसिया फेब्रिकेशन के पीछे आरसीसी नाली निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा, योगेश वर्मा के घर से गज्जू के घर तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण, वार्ड-11 कोहका में विभिन्न स्थानों पर नाली निर्माण, और आंतरिक मार्गों में सीमेंटीकरण का कार्य भी शामिल है।

आगे, वार्ड-15 आंबेडकर नगर में बहुउद्देशीय हॉल के पूर्ण होने और डोम शेड निर्माण का कार्य होगा। वार्ड-17 में पांच रास्ता समीप मोतीलाल चौक और आनंद चौक के पास नाली निर्माण, तथा सुपेला मार्केट के पास सड़क सीमेंटीकरण कार्य किया जाएगा। वार्ड-20 में आवश्यकतानुसार नाली और पुलिया निर्माण, और वार्ड-25 हाउसिंग बोर्ड सूर्यकुंड तक विभिन्न आंतरिक मार्गों का सीमेंटीकरण कार्य किया जाएगा। वार्ड-27 में तीन दर्शन मंदिर के आस-पास, बुद्ध भवन नहर नाली तक, और अन्य स्थानों पर सीमेंटीकरण और नाली निर्माण का कार्य भी किया जाएगा।

अंत में, वार्ड-29 वृंदा नगर में मार्कण्डेय तिवारी लाइन, मुन्नाजी लाइन, और अप्पा राव लाइन में सीमेंटीकरण एवं नाली निर्माण कार्य होगा। वार्ड-30 आंबेडकर नगर में राम जानकी मंदिर के पास डोम शेड, प्रगति नगर में सामुदायिक भवन निर्माण, और विभिन्न स्थानों में आरसीसी रोड तथा नाली निर्माण कार्य का भी प्रस्ताव है। अन्य वार्डों में जैसे वार्ड-31 से लेकर वार्ड-41 तक, विभिन्न गलियों में सीमेंटीकरण, नाली निर्माण, और डोम शेड कार्यों को पूरा करने की योजना बनाई गई है, जिससे शहर की बुनियादी ढांचे में सुधार हो सके।

Exit mobile version