भिलाई में तेज रफ्तार का कहर : कार की टक्कर से सब्जी मंडी के हमाल की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

दुर्ग/भिलाई। भिलाई के सुपेला क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सब्जी मंडी में हमाली का काम करने वाले युवक की मौत हो गई। घटना सुपेला के घड़ी चौक के पास नेशनल हाईवे-53 पर हुई, जहां सड़क पार कर रहे युवक को तेज रफ्तार डस्टर कार ने अपनी चपेट में ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, युवक देर रात सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान नेहरू नगर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार डस्टर कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय दो कार चालक आपस में रेस लगा रहे थे। इसी दौरान नियंत्रण खोने से डस्टर कार सड़क पार कर रहे युवक से जा टकराई। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भी भिलाई में नशे में धुत एक कार चालक की लापरवाही के कारण दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार हो रहे सड़क हादसों ने शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग को फिर से तेज कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version