बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बारातियों से भरी स्कार्पियो पलटी, दो लोगों की मौत

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में दो लोगो की मौत हो गई है। बताया जा रहा है की एक बाइक सवार को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर बारातियों से भरी स्कार्पियो पलट गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों में एक युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

यहां इलाज के दौरान देर रात उसकी भी मौत हो गई। हादसे में युवकों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी की है।

दरअसल, ग्राम जजगा से पतराटोला सलका बारात गई थी। शादी समारोह के बाद स्कार्पियो में सवार होकर बाराती लौट रहे थे। इस दौरान रजपुरीकला राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के पास एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर मे अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में कमल सिंह (25) जजगा, अशोक सिंह (35) की मौत हो गई।

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और घायलों को 112 की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। घटना के बाद खुशी वाले घर मे मातम पसरा हुआ है। वहीं, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

