CG
धमतरी/मगरलोड़: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। ग्राम भोथीडीह में ‘चौथिया’ कार्यक्रम के दौरान नाच-गाने के बीच हुए मामूली विवाद में बैंड पार्टी के सदस्यों ने दुल्हन के भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में चार अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 बालिग और 2 नाबालिगों सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

धक्का लगने से शुरू हुआ विवाद, खूनी संघर्ष में बदला
जानकारी के अनुसार, गरियाबंद के मालगांव निवासी चंदन निषाद अपनी बहन की शादी के बाद आयोजित ‘चौथिया’ कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम भोथीडीह आया था। शनिवार रात करीब 8 बजे बाजार चौक के पास स्वागत कार्यक्रम चल रहा था। नाचने के दौरान चंदन और उसके दोस्तों का बैंड वालों से धक्का लगने को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बैंड पार्टी के सदस्यों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने धारदार चाकू और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
जान बचाकर भागा, पर नहीं बख्शा
चश्मदीदों और सामने आए लाइव वीडियो के मुताबिक, आरोपियों ने चंदन को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में गंभीर रूप से घायल चंदन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
पुलिस की कार्रवाई: 7 आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घेराबंदी कर 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- तोषण चक्रधारी (18 वर्ष)
- अभिषेक पटेल (20 वर्ष)
- हिनेश उर्फ हिलेश्वर (18 वर्ष)
- ताम्रज कंवर (18 वर्ष)
- गुलाब दीवान (20 वर्ष)
- दो अन्य नाबालिग
“मामले में सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैधानिक कार्रवाई जारी है। विवाद नाचने के दौरान धक्का लगने की बात से शुरू हुआ था।” — शैलेंद्र पांडेय, एएसपी
नोट: पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। गांव में इस घटना के बाद से शोक और तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।