बालोद। पुलिस अभिरक्षा से चोरी के मामले में गिरफ्तार एक महिला आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। घटना को गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने चोरी के एक मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर कोतवाली थाना की अभिरक्षा में रखा था। इसी दौरान दोपहर में महिला पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए तत्काल अलग-अलग टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी गई।

महिला के पुलिस हिरासत से फरार होने के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, काफी तलाश के बावजूद देर तक आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
मामले में पुलिस अधीक्षक ने प्रारंभिक जांच के आधार पर कार्य में लापरवाही पाए जाने पर प्रधान आरक्षक शिवराम ध्रुव, आरक्षक उमेश निषाद और महिला आरक्षक पूर्णिमा ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार महिला आरोपी की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, विभागीय जांच के माध्यम से यह भी पता लगाया जा रहा है कि पुलिस अभिरक्षा से फरारी की घटना किन परिस्थितियों में हुई और किस स्तर पर चूक हुई।