बालोद। जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला और युवक ने खेत में पेड़ पर एक ही फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, बालोद थाना क्षेत्र के पाकुरभाठ और परसोदा गांव के बीच स्थित एक खेत में रविवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ पर दो शवों को फांसी के फंदे पर झूलते देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची बालोद पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच में जुट गई है।

मृतकों की पहचान अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के ग्राम गबदी निवासी संतोषी यादव (40 वर्ष) और थलेश खरांशु (25 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला शादीशुदा थी और उसका करीब 19 वर्षीय एक बेटा भी है।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि दोनों के बीच संबंध और आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।फिलहाल, इस घटना के पीछे की वजह जानने के लिए पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।