CG
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड किनारे एक अज्ञात अधेड़ महिला की खून से लथपथ लाश मिली है। हत्यारे ने न केवल महिला का गला रेता और सिर कुचला, बल्कि उसके साथ इस कदर दरिंदगी की गई कि शव के प्राइवेट पार्ट से प्लास्टिक की बोतल बरामद हुई है।

मटन दुकान के पास मिली लाश मिली जानकारी के अनुसार, घटना महामाया प्रवेश द्वार के पास रिंग रोड स्थित एक झोपड़ीनुमा मटन दुकान की है। शुक्रवार (3 अप्रैल) की सुबह जब स्थानीय लोगों ने दुकान के पास महिला का शव देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई। तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
पहचान छिपाने के लिए चेहरा कुचला घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राजेश अग्रवाल, एएसपी अमोलक सिंह, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, महिला के गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान हैं और पहचान छिपाने की नीयत से पत्थर या किसी भारी वस्तु से उसका चेहरा बुरी तरह कुचल दिया गया है।
दुष्कर्म और हैवानियत की आशंका मौके पर पहुंची जांच टीम उस वक्त सन्न रह गई जब मृतका के शरीर के साथ की गई बर्बरता सामने आई। शव के निजी अंग में प्लास्टिक की बोतल फंसी मिली, जो इस बात की ओर इशारा कर रही है कि हत्या से पहले महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म या भारी दरिंदगी की गई है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
CCTV फुटेज में दिखा संदिग्ध पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक फुटेज में महिला किसी संदिग्ध व्यक्ति के साथ आती दिख रही है। पुलिस उस व्यक्ति की तलाश और महिला की शिनाख्त करने की कोशिश में जुटी है।