दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक मजदूर महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलगांव थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मृतका की पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं।
पैसों का लालच देकर सुनसान जगह बुलाया
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष यादव (19) और नितेश ठाकुर (20) के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के वक्त दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच दिया और ई-रिक्शा के जरिए पुलगांव नाला के पास एक सुनसान स्थान पर बुलाया।
पुलिस के अनुसार, सुनसान जगह पर आरोपियों ने महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। महिला ने इसका विरोध करते हुए पुलिस में शिकायत करने की बात कही। इसके बाद पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने महिला की हत्या कर दी।

गमछे से गला घोंटा, फिर पत्थर से किए वार
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपियों ने पहले गमछे से महिला का गला घोंटा। इसके बाद पास में पड़े एक बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस का दावा है कि पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने अपने कपड़े भी बदल लिए थे।
CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पत्थर और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

