दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध में विवाद के चलते एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को सूचना मिली कि एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), निवासी देंगरापार जिला बालोद, अपनी परिचित युनेश्वरी वर्मा (26 वर्ष) निवासी खैरागढ़ को पुलगांव स्थित उसके किराए के कमरे से सुभाष नगर पद्मनाभपुर स्थित अपने किराए के मकान में लेकर आया था।


दोनों के बीच प्रेम संबंध को लेकर संदेह और आपसी विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक भौतिक साक्ष्य भी जब्त कर लिए हैं और प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। विवादों का समाधान कानूनी तरीके से ही करें।

