दल्ली राजहरा। स्थानीय युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस ने भिलाई स्टील प्लांट (BSP) प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को डौंडीलोहारा विधानसभा क्षेत्र के दल्ली राजहरा में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव देवेंद्र यादव की मौजूदगी और युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष भरत देवांगन के नेतृत्व में एक विशाल आक्रोश रैली निकाली गई।

बाइक रैली से हुआ शक्ति प्रदर्शन
आंदोलन का आगाज एक भव्य बाइक रैली के साथ हुआ, जिसका नेतृत्व युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष अयान अहमद ने किया। सैकड़ों की संख्या में युवा हाथों में झंडे लिए नारेबाजी करते हुए रैली में शामिल हुए, जिससे पूरा क्षेत्र कांग्रेसमय नजर आया।
“स्थानीय हितों से समझौता नहीं”
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जिला कांग्रेस महामंत्री युवराज साहू ने प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्थानीय जनता के स्वास्थ्य, बेहतर शिक्षा और युवाओं के रोजगार जैसे बुनियादी हक पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि यदि मांगों पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले समय में आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।
प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी
इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि पीयूष सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रती राम कोसमा, उपाध्यक्ष ईश्वर राव, पार्षद पावेंद्र कोड़प्पा, पूर्व पार्षद चंदू सिन्हा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।