24 घंटे में 10 लाख की लूट का खुलासा : कंपनी का कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, मुख्य आरोपी गिरफ्तार 9.70 लाख रुपए बरामद

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 10 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट का मास्टरमाइंड कंपनी का ही कर्मचारी निकला। आरोपी ने अपने भाई और उसके साथी के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई 9.70 लाख रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई बर्गमैन स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अतुल अग्रवाल की कंस्ट्रक्शन कंपनी का निर्माण कार्य नया रायपुर के सेक्टर-26 में चल रहा है। 16 जून को कंपनी के कर्मचारी विद्यासागर डहरिया मजदूरों के भुगतान के लिए 10 लाख रुपये नकद लेकर समता कॉलोनी स्थित कार्यालय से नया रायपुर जा रहे थे। शाम करीब 6:17 बजे सेरीखेड़ी ओवरब्रिज के पास स्कार्फ से चेहरा ढके दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। चाकू दिखाकर धमकाया और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस उपायुक्त (क्राइम) स्मृतिक राजनाला और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा मंदिर हसौद पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के साथ कंपनी के कर्मचारियों की गतिविधियों की जांच की।

जांच के दौरान कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में कार्यरत दिनेश राव की गतिविधियां संदिग्ध मिलीं। पूछताछ में वह बार-बार बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।

पुलिस पूछताछ में दिनेश राव ने बताया कि वह वर्ष 2022 से कंपनी में काम कर रहा था और उसे कंपनी में नकदी के आवागमन की पूरी जानकारी रहती थी। उसने करीब एक माह पहले कंपनी की नकदी लूटने की योजना बनाई। वारदात वाले दिन उसने विद्यासागर डहरिया की गतिविधियों पर नजर रखी और अपने भाई व उसके साथी को बुलाकर पीड़ित की पहचान कराई। दोनों आरोपियों ने चाकू दिखाकर 10 लाख रुपये लूट लिए।

लूट के बाद तीनों अमलेश्वर में मिले, जहां दिनेश ने अपने साथियों से पूरी रकम ले ली। उसने दोनों को 30-30 हजार रुपये दिए और शेष 9.70 लाख रुपये अपने पास रख लिए। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 9.70 लाख रुपये नकद, बर्गमैन स्कूटी (CG 04 QK 6037) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 10.80 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश राव (22 वर्ष) निवासी गंजाम (ओडिशा), हाल मुकाम चौबे कॉलोनी, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मंदिर हसौद थाने में बीएनएस की धारा 309(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं, वारदात में शामिल उसके भाई और एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि दोनों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version