जगदलपुर में 2.38 करोड़ का गांजा पकड़ाया : तस्करों की पायलटिंग कर रही बाइक भी जब्त, 3 नाबालिगों समेत 7 गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ बस्तर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ओडिशा से लाए जा रहे 476 किलो 500 ग्राम गांजे की खेप पकड़ी है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 38 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में तीन नाबालिगों सहित सात लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस इसे इस साल की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बता रही है।

पिकअप को रास्ता दिखा रही थी मोटरसाइकिल

बोधघाट पुलिस को 5 नवंबर को सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से कुरंदी होते हुए एक पिकअप में गांजा लेकर तस्कर जगदलपुर की तरफ आ रहे हैं। तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए पिकअप के आगे मोटरसाइकिल पर दो युवकों को तैनात कर रखा था। ये युवक आगे चलकर रास्ते की निगरानी कर रहे थे और पिकअप को सुरक्षित रास्ता दिखा रहे थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने आड़ावाल रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल और उसके पीछे आ रही पिकअप को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर पिकअप सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से की गई नाकेबंदी के चलते वे सफल नहीं हो सके।

15 बोरियों में मिले 450 पैकेट

पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें रखी 15 बोरियों से गांजे के 450 पैकेट बरामद हुए। इनका कुल वजन 476 किलो 500 ग्राम निकला। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। इसके अलावा छह पुराने टचस्क्रीन मोबाइल फोन और 1,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

मलकानगिरी के एक ही गांव के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए वयस्क आरोपियों में भगवान पांगी (25), घांसी खिलो (21), रोहिणी गल्लौरी (27) और चित्रसेन गल्लौरी (22) शामिल हैं। इनके साथ तीन नाबालिग भी पकड़े गए हैं। सभी आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कोरकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम कांटामाड़ी के निवासी बताए गए हैं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(iii)(C) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Exit mobile version