सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के 267 महिला ग्राहकों से 1.11 करोड़ की धोखाधड़ी, 24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के धमधा क्षेत्र में सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से जुड़े ऋण वितरण मामले में 267 महिला ग्राहकों के साथ 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद धमधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने 4 जुलाई 2026 को थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के साथ महिलाओं को ऋण उपलब्ध कराने का अनुबंध है। ऑडिट के दौरान धमधा शाखा में पदस्थ शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से प्राप्त ऋण की किस्तों और लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा नहीं करने का मामला उजागर हुआ।

ऑडिट में खुला 1.11 करोड़ के गबन का मामला

प्रारंभिक जांच के बाद संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने का अवसर दिया गया, लेकिन न तो राशि जमा की गई और न ही नोटिस का जवाब दिया गया। विस्तृत ऑडिट में सामने आया कि शाखा के कर्मचारियों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत 267 ग्राहकों से प्राप्त कुल 1,11,93,173 रुपये का गबन कर धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर थाना धमधा में अपराध क्रमांक 176/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 316(5), 318(4) और 61(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार

विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  • अनिल विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी साजा, जिला बेमेतरा।
  • संदीप कुमार खूंटीहरे (31 वर्ष), निवासी पाटन, जिला दुर्ग।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था से जुड़े ऋण एवं भुगतान का लेन-देन केवल अधिकृत माध्यमों से करें। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। आर्थिक अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version