बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में स्वास्थ्य विभाग के फर्जी स्थानांतरण आदेश और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उनका असली के रूप में इस्तेमाल करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पलारी पुलिस ने भाजपा जिला महामंत्री कृष्ण अवस्थी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल, ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के जाली हस्ताक्षर से फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और उसे कार्यालय में प्रस्तुत करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डा. पंकज वर्मा ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। शिकायत में बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने CMHO बलौदाबाजार कार्यालय के नाम से जारी एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था।
बताया गया कि फर्जी आदेश क्रमांक एच.एम./ए.आर./2026-27/1359, दिनांक 14 अगस्त 2026 में करण कुमार देवांगन का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर, विकासखंड भाटापारा किया जाना दर्शाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राज्य संवर्ग के कर्मचारी के स्थानांतरण का अधिकार राज्य शासन के पास है। CMHO कार्यालय से इस तरह का कोई स्थानांतरण आदेश जारी ही नहीं किया गया था। इसके अलावा आदेश पर अंकित हस्ताक्षर की जांच में वह फर्जी और कूटरचित पाए गए।

फर्जी दस्तावेज को असली बताकर किया इस्तेमाल
शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने बेईमानीपूर्वक कूटरचित दस्तावेज तैयार किया और उसे वास्तविक सरकारी आदेश के रूप में प्रस्तुत किया। मामले में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा एक राय होकर अपराध करना स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद 22 अगस्त 2026 को चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
करण कुमार देवांगन, पिता लहुर साय देवांगन, उम्र 44 वर्ष, मंगलम कॉलोनी बलौदाबाजार, थाना सिटी कोतवाली — चिकित्सा सहायक, PHC रोहांसी।
रवि कुमार सेन, पिता नूतन लाल सेन, उम्र 43 वर्ष, निवासी कसडोल वार्ड क्रमांक 04, सिरपुर रोड एवं ग्राम कटगी, थाना कसडोल।
पुनीराम पटेल, पिता डेरहा राम पटेल, उम्र 51 वर्ष, निवासी ग्राम गिरौदपुरी, अटल चौक के पास, थाना गिधौरी, चौकी गिरौदपुरी।
किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी, पिता स्व. कुंजराम अवस्थी, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रिसदा गांधी चौक, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार।
पुलिस के अनुसार मामले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने, सरकारी आदेश के नाम पर कूटरचना और धोखाधड़ी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।