दुर्ग। दुर्ग शहर के सीनियर विधायक अरुण वोरा रविवार को शहर का राजीव भवन में महिला कांग्रेस दुर्ग की अध्यक्ष कन्या ढीमर के नेतृत्व में दीवाली मिलन के भव्य आयोजन में शामिल हुए। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधायक अरुण वोरा ने अपने पिता एवं प्रदेश व देश के अग्रिम पंक्ति के नेता माने जाने वाले मोतीलाल वोरा के तैलचित्र का अनावरण किया।

सैकड़ों की संख्या में जुटी महिलाओं एवं कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को विधायक वोरा ने दीवाली, छठ पर्व एवं एकादशी की बधाई दी साथ ही उन्होंने मोतीलाल वोरा की कर्म परायणता से प्रेरणा लेने की सीख देते हुए कहा कि पार्टी एवं संगठन के लिए समर्पित भाव से लगातार कार्य करने का फल हमेशा एक कार्यकर्ता को प्राप्त होता है।

मेहनत करने वाले कभी पीछे नहीं रहते। जिस तरह से बाबूजी ने एक पार्षद के रूप में राजनैतिक जीवन की शुरुवात कर विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल जैसे पदों तक पहुंचे उसके लिए कांग्रेस के लिए समर्पण आवश्यक है।


वोरा ने आगे कहा की बाबूजी ने हमेशा यह संदेश दिया है कि पद आते जाते रहते हैं इस दौरान व्यक्ति को हमेशा विनम्र भाव से जनता की सेवा करनी चाहिए। वर्तमान में छत्तीसगढ़ सरकार पूरे देश मे जनविकास का एक मॉडल बन कर उभरा है। प्रदेश सरकार की नीतियां एवं योजनाएं अभूतपूर्व एवं अनुकरणीय हैं किंतु अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास शासन प्रशासन के साथ साथ हर कार्यकर्त्ता को करना चाहिए।

जनसेवा की भावना से बढ़कर कोई भावना नहीं महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई एवं सभी प्रकोष्ठों का अपना महत्व है। आने वाला वर्ष चुनाव का है जहां सभी को एकजुट होकर प्रदेश में फिर से भूपेश बघेल के नेतृत्व में सरकार लाना है।

इस दौरान अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आर एन वर्मा, मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष अल्ताफ अहमद, निर्मल कोसरे, गया पटेल, रामकली यादव समेत सभी ब्लाक अध्यक्ष एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।


