CG – खाकी पर दाग: गुमशुदा बेटी की तलाश में थाने पहुंची मां… ASI ने लापता नाबालिग को ढूंढ़ने के लिए मांगे 20 हजार… वीडियो वायरल होने पर SSP ने किया सस्पेंड, देखिए Video

ASI demanded 20 thousand rupees to find the missing minor

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से पुलिस विभाग की साख को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मां अपनी चार महीने से लापता नाबालिग बेटी की तलाश में थाने के चक्कर काट रही थी. लेकिन उसकी मदद करने की बजाय, एक एएसआई ने उससे बेटी को ढूंढने के एवज में 20 हजार रुपए की रिश्वत मांग ली. इस दौरान पीड़िता के बेटे ने घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के आधार पर बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी एएसआई को निलंबित कर दिया है.

कोटा क्षेत्र निवासी एक महिला की 16 वर्षीय नाबालिग बेटी पिछले चार महीनों से गायब थी. बेटी की तलाश में वह लगातार पुलिस से मदद की गुहार लगा रही थी. थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया और जांच शुरू की.

जांच के दौरान पता चला कि लड़की राजस्थान में है. महिला ने पुलिस से आग्रह किया कि उसकी बेटी को जल्द से जल्द वापस लाया जाए. इसी दौरान एएसआई हेमंत पाटले ने कहा कि राजस्थान जाकर लड़की को लाने के लिए यात्रा और रहने का खर्च लगेगा. उसने खुद के साथ तीन अन्य पुलिसकर्मियों के जाने की बात कहते हुए 20 हजार रुपए की डिमांड की.

महिला का बेटा भी उसके साथ थाने गया था. उसने एएसआई द्वारा पैसे मांगने की बातचीत का वीडियो बना लिया. हालांकि, पैसे लेने की घटना को एएसआई ने सावधानी से कैमरे से दूर रखा. फिर भी, पैसे मांगने का पूरा वार्तालाप वीडियो में रिकॉर्ड हो गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

वीडियो वायरल होते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया. जांच के बाद पाया गया कि एएसआई हेमंत पाटले ने पुलिस सेवा शर्तों का उल्लंघन किया है. नतीजतन, उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया. एसएसपी ने कहा कि भ्रष्टाचार जैसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

खबरें और भी हैं...
संबंधित

नक्सलियों का डंप बरामद, जवानों ने नष्ट किए टिफिन...

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में...

दुर्ग में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 18.63 लाख...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में फॉरेक्स ट्रेडिंग इंस्टीट्यूट खोलने और निवेश पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का...

भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की खबरें भ्रामक :...

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) को बेचने की योजना से जुड़ी खबरों को संयंत्र प्रबंधन ने असत्य और भ्रामक बताया है। इस्पात मंत्रालय ने...

नीदरलैंड से दूल्हा पहुंचा छत्तीसगढ़, भुईगांव की क्रिस्टीना से...

जांजगीर-चांपा। शादियों में बैंड-बाजा, बारात और भव्य सजावट की परंपरा के बीच जांजगीर-चांपा जिले में एक अनोखा विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है।...