भिलाई। दुर्ग में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। सुबह करीब 7 बजे काम पर जा रही महिला को ट्रक ने रौंद दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पूरा मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है।
मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा (50 साल) के रूप में हुई है। वह केपीएस स्कूल में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं। उत्तरा रोज की तरह सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा पुलगांव चौक पर तब हुआ जब राजनांदगांव की ओर से आ रहा एक ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।

