भिलाई/दुर्ग, 13 फरवरी 2026: छत्तीसगढ़ के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र में करियर बनाने का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। शासन के निर्देशानुसार, 14 और 15 फरवरी को दुर्ग जिले में दो दिवसीय विशाल ‘संभागीय रोजगार मेले’ का आयोजन किया जा रहा है।

प्रमुख जानकारी एक नजर में:
- दिनांक: 14 एवं 15 फरवरी 2026
- समय: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 04:00 बजे तक
- स्थान: संजय रूंगटा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स, कोहका, भिलाई (जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, दुर्ग के साथ संयुक्त तत्वाधान में)।
- मुख्य अतिथि: स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव।
6000 पदों पर सीधी भर्ती, दिग्गज कंपनियाँ शामिल
जिला रोजगार केंद्र के उपसंचालक वी.के. केडिया ने बताया कि इस मेले में 24 से अधिक प्रतिष्ठित नियोजक हिस्सा ले रहे हैं। इसमें रिलायंस रिटेल, मुथुट माइक्रो, शिवशक्ति एग्रीटेक, वर्धमान टेक्सटाइल, जे.के. ग्रुप और एस.आर. हॉस्पिटल जैसी प्रमुख कंपनियाँ शामिल हैं।

वेतन और योग्यता:
- योग्यता: 10वीं, 12वीं, स्नातक (UG), स्नातकोत्तर (PG), बीई (BE), बीटेक, डिप्लोमा, आईटीआई (ITI) और एमबीए पास अभ्यर्थी पात्र हैं।
- वेतनमान: चयनित उम्मीदवारों को योग्यता के अनुसार 10,000 से 45,000 रुपये प्रतिमाह तक का वेतन दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के हाथों मिलेगा नियुक्ति पत्र
इस मेले की सबसे खास बात यह है कि यहाँ चयनित होने वाले युवाओं को 20 फरवरी को रायपुर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के कर-कमलों से नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

कैसे शामिल हों? (जरूरी निर्देश)
- पंजीयन अनिवार्य: मेले में शामिल होने के लिए आवेदकों को पहले पोर्टल erojgar.cg.gov.in पर अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा।
- दस्तावेज: रजिस्ट्रेशन के बाद आवेदक अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों और उनकी छायाप्रति के साथ निर्धारित समय पर आयोजन स्थल (रूंगटा कैंपस, कोहका) पहुँचें।

