अंबिकापुर। 12वीं बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे दो छात्र सड़क हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार और सड़क किनारे पड़ी गिट्टी के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रही दूसरी बाइक से टकरा गई। इस हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला बतौली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार बतौली ब्लॉक के शांतीपारा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ने वाले झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी और बैलकोटा निवासी निष्क एक्का बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहे थे। परीक्षा में देर होने की वजह से दोनों छात्र तेज रफ्तार में थे। सुबह करीब 9 बजे वे कुनकुरी के पास पहुंचे, जहां निर्माण कार्य के चलते सड़क किनारे गिट्टी डाली गई थी। गिट्टी पर बाइक फिसलने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रही दूसरी बाइक से टकरा गया।

उछलकर गिरे, कई मीटर तक घिसटते रहे
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों छात्र बाइक सहित करीब 12 फीट तक उछल गए। सामने जा रही कार के ऊपर से होते हुए वे सड़क पर गिरे और कई मीटर तक घिसटते चले गए। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। सड़क निर्माण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इस दर्दनाक घटना से परिजनों और स्कूल में शोक का माहौल है।

