रायपुर/अभनपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने धमतरी बॉर्डर पर चल रहे एक हाईप्रोफाइल जुआ फड़ पर बड़ी कार्रवाई की है। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टोकरो के पास खेतों में चल रहे इस जुए के खेल में पुलिस ने दबिश देकर भारी मात्रा में कैश और लग्जरी कारें बरामद की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक BMW और एक मर्सिडीज कार भी जब्त की है, जो इस जुए के हाईप्रोफाइल होने का सबूत दे रही हैं।

खेतों में सजती थी महफिल, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
6 अप्रैल की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टोकरो और मानिकचौरी गांव के बीच मुख्य मार्ग से करीब एक किलोमीटर अंदर अंधेरे का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां भगदड़ मच गई। करीब 15 जुआरी खेतों और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, जिनमें से पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को धर दबोचा।

भिलाई और रायपुर के आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में एक भिलाई और दूसरा रायपुर का रहने वाला है:
- राहुल सिंह, पिता अनिल सिंह, उम्र 34 वर्ष, निवासी सेक्टर 10, भिलाई l
- रितेश कुमार, पिता सुरेश कुमार, उम्र 36 वर्ष, निवासी आनंद विहार, तेलीबांधा, रायपुर l
- बाकी 10 से ज्यादा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।
आपको बता दे की राहुल सिंह कांग्रेस नेत्री सुभद्रा सिंह के बेटे है।

6.34 लाख कैश और लग्जरी कारें जब्त
पुलिस ने मौके से जो सामान बरामद किया है, वह चौंकाने वाला है। जुआरियों के पास से न केवल नकदी, बल्कि महंगे शौक के सामान भी मिले हैं:
- नकद: 6 लाख 34 हजार रुपए।
- वाहन: एक BMW कार और एक मर्सिडीज कार।
- अन्य: 2 आईफोन (iPhone) और ताश की गड्डी।

होगी और भी गिरफ्तारियां
रायपुर ग्रामीण के पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है। पकड़े गए आरोपियों पर जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में कुछ और बड़े नाम सामने आ सकते हैं और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

