करोड़ों के टेंडर और फिरौती के लिए पद्मश्री फूलबासन बाई का किडनैप: पुलिस के सामने आरोपियों ने रची मिर्गी के दौरे की झूठी कहानी, ऐसे खुली पोल

राजनांदगांव/बेमेतरा: छत्तीसगढ़ की शान और पद्मश्री से सम्मानित फूलबासन बाई यादव के अपहरण की सनसनीखेज कोशिश को राजनांदगांव पुलिस ने नाकाम कर दिया है। करोड़ों के टेंडर और पैसों के लालच में इस पूरी साजिश को अंजाम देने वाली मुख्य आरोपी खुशबू साहू समेत 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वयं फूलबासन बाई से फोन पर चर्चा कर उनका हाल जाना और पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

बर्थडे और फोटो का बहाना बनाकर किया किडनैप

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा निवासी मुख्य आरोपी खुशबू साहू मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अपने साथियों के साथ फूलबासन बाई के घर पहुंची। आरोपियों ने ‘जरूरी चर्चा’ और ‘बर्थडे मनाने’ का बहाना बनाकर उन्हें घर से बाहर बुलाया और अपनी कार में बैठा लिया। कार के चलते ही आरोपियों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और शोर न मचा सकें इसलिए मुंह पर गमछा लपेट दिया।

रूटीन चेकिंग में धरे गए आरोपी, पुलिस को दी मिर्गी की झूठी दलील

किडनैपर्स खैरागढ़ के रास्ते भागने की फिराक में थे, लेकिन चिखली पुलिस चौकी के पास चल रही रूटीन चेकिंग उनके लिए काल बन गई। संदेह होने पर जब पुलिस ने कार रोकी, तो आरोपियों ने बचने के लिए झूठ बोला कि “मरीज को मिर्गी का दौरा पड़ा है और उसे अस्पताल ले जा रहे हैं।” हालांकि, मुस्तैद पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को धर दबोचा।

पैसा और प्रभाव था किडनैपिंग का मकसद

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी खुशबू साहू पिछले 6 महीने से मां बम्बलेश्वरी समूह से जुड़ी थी। उसे लगा कि संस्था के पास भारी-भरकम फंड और प्रभाव है। वह फूलबासन बाई के जरिए करोड़ों के टेंडर और मोटी रकम ऐंठना चाहती थी।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

  1. खुशबू साहू (27), बेमेतरा (मुख्य साजिशकर्ता)
  2. सलोनी महेश्वरी, बेमेतरा
  3. दिनेश बंजारे (35), बेमेतरा
  4. गोपाल खेलवार (25), दुर्ग (ड्राइवर)
  5. चिनक राम साहू (38), बेमेतरा

इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140 (1), 140 (3), 351(3) और 61(2) के तहत अपहरण और साजिश का मामला दर्ज किया गया है।

सियासी गलियारों में हलचल, इस्तीफे की मांग

इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि जब पद्मश्री सम्मानित महिला ही सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या होगा? वहीं, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफे की मांग की है।

पुलिस टीम को मिलेगा इनाम

मामले की गंभीरता को देखते हुए IG बालाजी राव ने SP अंकिता शर्मा और ASP कीर्तन राठौर के नेतृत्व में काम करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने भी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन :...

दुर्ग। इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) की ओर से बीआईटी कॉलेज दुर्ग में आयोजित 11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन...

दुर्ग में सिद्धितप महामहोत्सव का भव्य समापन : 7,500...

दुर्ग। श्री आदिनाथ जैन श्वेतांबर मंदिर ट्रस्ट एवं शासन स्पर्श वर्षावास समिति, दुर्ग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सिद्धितप पारणा महामहोत्सव का मंगलवार...

बीजापुर में माओवादी डंप का भंडाफोड़ : SLR-INSAS समेत...

बीजापुर। जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के...

कांग्रेस के 307 ब्लॉक अध्यक्षों को प्रशिक्षण : दीपक...

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर के ब्लॉक अध्यक्षों के लिए चलाए गए संभागवार प्रशिक्षण अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। अभियान...