बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शादी के महज 45वें दिन एक नवविवाहिता अपने बॉयफ्रेंड के साथ ससुराल से फरार हो गई। दोनों करीब 20 किलोमीटर दूर दैहान गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पहुंचे, जहां प्रेमी उस पर शादी कर साथ रहने का दबाव बनाने लगा। युवती के इनकार करने पर वह ट्रेन के सामने कूद गया। उसे बचाने की कोशिश में नवविवाहिता भी ट्रेन की चपेट में आकर घायल हो गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम दैहान स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास की है। शनिवार तड़के करीब 3 बजे घायल महिला ने ही डायल-112 को फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने ग्राम भीमपुरी (डौंडीलोहारा) निवासी मिथलेश ठाकुर (28 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी नवविवाहिता मोनिका खरे (23 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राजनांदगांव रेफर किया गया। उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।

जानिए क्या है पूरा मामला…
बालोद पुलिस के अनुसार, कांकेर जिले के ग्राम कोरतरा निवासी मोनिका खरे का विवाह 22 अप्रैल 2026 को बालोद जिले के ग्राम परसोदा (जगन्नाथपुर) निवासी टीकम कुमार खरे से हुआ था। शादी के महज 45 दिन बाद शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे वह अपने बॉयफ्रेंड ग्राम भीमपुरी (डौंडीलोहारा) निवासी मिथलेश ठाकुर के साथ बाइक पर सवार होकर घर से निकल गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम दैहान स्थित रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे। जहां दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत और विवाद होता रहा। इसी दौरान मिथलेश कथित तौर पर मोनिका पर विवाह कर साथ रहने का दबाव बना रहा था। एक बार मोनिका उसे रेलवे पटरी से दूर ले गई, लेकिन कुछ देर बाद वह फिर पटरी पर जाकर बैठ गया।

प्रत्यक्ष परिस्थितियों और घायल युवती के बयान के आधार पर पुलिस का कहना है कि ट्रेन नजदीक आने पर मोनिका लगातार मिथलेश को पटरी से हटने के लिए कहती रही। इसके बावजूद वह वहां से नहीं हटा। घबराई मोनिका उसे खींचकर हटाने की कोशिश करने लगी, तभी दोनों ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मिथलेश के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोनिका भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद घायल अवस्था में ही मोनिका ने किसी तरह डायल-112 पर कॉल कर हादसे की जानकारी दी और मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। पुलिस और डायल-112 के कर्मचारियों ने उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
लाटाबोड़ स्टेशन के आसपास पत्नी को तलाशता रहा पति
नवविवाहिता के पति टीकम कुमार खरे ने बताया कि शनिवार तड़के करीब ढाई बजे उसकी नींद खुली तो पत्नी घर पर नहीं मिली। पहले उसे लगा कि वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन काफी देर तक लौटकर नहीं आने पर उसने परिजनों के साथ उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव और आसपास के रास्तों में खोजबीन के दौरान उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली।
टीकम ने बताया कि करीब 3 बजे उसकी पत्नी ने फोन उठाया और रेलवे ट्रैक पर हादसा होने की जानकारी दी। शुरुआती जानकारी के आधार पर वह परिजनों के साथ लाटाबोड़ स्टेशन और आसपास के इलाके में पत्नी को तलाशता रहा। इसी बीच पुलिसकर्मियों का फोन आया। जिससे पता चला कि दैहान क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर हादसा हुआ है।
सूचना मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहां मृत युवक का शव भी रखा हुआ था, लेकिन उस समय वे उसकी पहचान नहीं कर सके। वहीं गंभीर रूप से घायल मोनिका को प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया। वर्तमान में उसका इलाज राजनांदगांव के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
शादीशुदा था बॉयफ्रेंड, इंस्टाग्राम पर ढाई साल पहले हुई थी दोस्ती
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मिथलेश ठाकुर और घायल महिला की पहचान करीब ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो गई।
पुलिस के अनुसार, मिथलेश ठाकुर शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। परिजनों ने बताया कि वह पहले डौंडीलोहारा में हाइवा चलाता था। करीब एक माह पहले उसने यह काम छोड़ दिया था और इन दिनों घर का ट्रैक्टर चला रहा था।
टीआई सिन्हा ने बताया कि घटना वाली रात मिथलेश शराब के नशे में नवविवाहिता गर्लफ्रेंड के ससुराल पहुंचा। वह मिलने के बहाने अपनी गर्लफ्रेंड को घर से साथ ले गया। दोनों दैहान क्षेत्र पहुंचे। जहां उसने कथित तौर पर बीयर भी पी। इसके बाद रेलवे ट्रैक के पास दोनों के बीच विवाद हुआ।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मिथलेश गर्लफ्रेंड पर शादी कर साथ रहने का दबाव बना रहा था। इसी दौरान वह ट्रेन के सामने आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

