रायपुर। रायपुर-दुर्ग के बीच सफर करने वाले हजारों वाहन चालकों को फिलहाल टोल टैक्स से राहत नहीं मिलने वाली है। कुम्हारी टोल प्लाजा पर अब 7 अप्रैल 2027 तक टोल वसूला जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने भारतमाला परियोजना के तहत निर्माण कार्य में देरी को देखते हुए टोल वसूली की अवधि एक वर्ष के लिए बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, कुम्हारी टोल प्लाजा की अवधि इस वर्ष समाप्त होने वाली थी, लेकिन भारतमाला परियोजना के अंतर्गत शिवनाथ नदी पर नए पुल के निर्माण और पुराने पुल के चौड़ीकरण का कार्य तय समय पर पूरा नहीं हो सका। इसके चलते टोल वसूली जारी रखने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए NHAI ने करीब 63 करोड़ रुपये का नया ठेका भी जारी किया है।

रोजाना गुजरते हैं 50 हजार वाहन
कुम्हारी टोल प्लाजा से प्रतिदिन औसतन 50 हजार वाहन गुजरते हैं। इससे रोजाना करीब 17 लाख रुपये का टोल संग्रह होता है। सालभर में यह राशि लगभग 60 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है। फिलहाल कार और जीप जैसे हल्के वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 25 रुपये और दोनों तरफ का 180 रुपये मासिक पास निर्धारित है, जबकि अन्य श्रेणी के वाहनों के लिए अलग-अलग दरें लागू हैं।
परियोजना में देरी बनी वजह
NHAI अधिकारियों के अनुसार, शिवनाथ नदी पर पुल की लंबाई बढ़ाने और परियोजना में तकनीकी बदलाव के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। पहले पुल की लंबाई 500 मीटर प्रस्तावित थी, जिसे बढ़ाकर 630 मीटर किया गया। भूमि अधिग्रहण और अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण परियोजना की समय-सीमा बढ़ानी पड़ी। अब परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
रायपुर-दुर्ग मार्ग पर प्रतिदिन आवाजाही करने वाले हजारों यात्रियों और व्यावसायिक वाहन चालकों को अब अगले वर्ष तक टोल टैक्स का भुगतान करना होगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही टोल समाप्त करने पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

