रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, नगद राशि पुरस्कार, खेलवृत्ति (डाइट मनी) और प्रेरणा निधि के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक निर्धारित प्रारूप में 5 अगस्त 2026 तक आवेदन जमा कर सकते हैं। विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर आवेदन के प्रारूप उपलब्ध कराए गए हैं।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से हर वर्ष राज्य के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जाता है। इस बार शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी के लिए आवेदन मंगाए गए हैं।

किस पुरस्कार के लिए कौन पात्र?
शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार सीनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप या राष्ट्रीय खेलों में पदक हासिल किया हो अथवा अधिकृत अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व किया हो। इस पुरस्कार के तहत 3 लाख रुपये की नगद राशि प्रदान की जाएगी।
शहीद कौशल यादव पुरस्कार जूनियर वर्ग के उन खिलाड़ियों के लिए है, जिन्होंने जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में पदक प्राप्त किया हो। पुरस्कार के रूप में 1.50 लाख रुपये दिए जाएंगे।
वीर हनुमान सिंह पुरस्कार प्रशिक्षकों एवं निर्णायकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। इसके तहत भी 1.50 लाख रुपये की नगद राशि दी जाएगी।
शहीद पंकज विक्रम सम्मान उन महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले पांच वर्षों में चार बार सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया हो। इस सम्मान के तहत 25 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
वहीं, शहीद विनोद चौबे सम्मान खेल से जुड़े 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के उन व्यक्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भाग लिया हो, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक हासिल किया हो या खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवा दी हो। इसके तहत भी 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार मिलेगा।
दलीय खेलों के विजेताओं को मुख्यमंत्री ट्रॉफी
सीनियर और जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक हासिल करने वाले दलीय खेलों के खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। चार सदस्यों वाले दलीय खेलों में सीनियर वर्ग के लिए 2 लाख रुपये और जूनियर वर्ग के लिए 1 लाख रुपये का पुरस्कार निर्धारित है।
इसी तरह चार से अधिक सदस्यों वाले दलीय खेलों में सीनियर वर्ग को 5 लाख रुपये और जूनियर वर्ग को 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। पुरस्कारों के साथ मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर एवं टाई भी प्रदान की जाएगी।
राष्ट्रीय पदक विजेताओं को भी मिलेगा प्रोत्साहन
विभाग ने वर्ष 2025-26 में यानी 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से नगद राशि पुरस्कार के लिए भी आवेदन मंगाए हैं। संबंधित खिलाड़ी जिला खेल कार्यालय या अपने खेल संघ से आवेदन फॉर्म प्राप्त कर निर्धारित समय में जमा कर सकते हैं।
इसके अलावा अधिकृत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक प्राप्त करने या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए खिलाड़ी की अधिकतम आयु 19 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
खेल संघों को भी प्रेरणा निधि
वर्ष 2025-26 के दौरान खेल संघों की ओर से अर्जित उपलब्धियों के आधार पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरणा निधि का भी प्रावधान किया गया है। इसके लिए संबंधित खेल संघ जिला कार्यालय अथवा खेल संचालनालय में निर्धारित प्रारूप के अनुसार आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त
खेल पुरस्कार, नगद राशि, खेलवृत्ति और प्रेरणा निधि के आवेदन पत्र संचालनालय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, सभी जिला कार्यालयों और राज्य खेल संघों से प्राप्त किए जा सकते हैं। शहीद पंकज विक्रम सम्मान के आवेदन संबंधित राज्य खेल संघों की अनुशंसा के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इस सम्मान के लिए खिलाड़ी सीधे संचालनालय या जिला कार्यालय में आवेदन जमा नहीं कर सकेंगे।
जिला कार्यालयों या संचालनालय में राज्य खेल संघों की अनुशंसा सहित आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026, कार्यालयीन समय तक निर्धारित की गई है। विभाग के अनुसार पुरस्कार संबंधी आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे और विभागीय वेबसाइट पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।
उपलब्धि अधिक होने पर सीधे आवेदन का भी मौका
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी खिलाड़ी की मान्यता प्राप्त खेल संघ द्वारा पुरस्कार के लिए अनुशंसा नहीं की गई है, लेकिन उसकी उपलब्धियां तुलनात्मक रूप से अधिक हैं, तो वह अपनी उपलब्धियों का विवरण निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत कर सकता है।
ऐसे खिलाड़ी 5 अगस्त 2026 तक कार्यालयीन समय में सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, जी.ई. रोड, रायपुर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालनालय अथवा विभाग के जिला कार्यालयों में अपना आवेदन सीधे जमा कर सकते हैं।
आवेदन के प्रारूप और पुरस्कार संबंधी विस्तृत नियम खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं। पात्र आवेदकों का चयन निर्धारित नियमों के तहत उनकी उपलब्धियों और प्रावीण्यता के आधार पर किया जाएगा।

