CG News : AI की मदद से 12 लाख की ज्वेलरी लूट का खुलासा, चार अंतरराज्यीय डकैत गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने 12 लाख रुपये की सनसनीखेज ज्वेलरी लूट का पर्दाफाश करते हुए उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के चार अंतरराज्यीय हथियारबंद डकैतों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार, वाहन, मोबाइल, नकदी और चांदी के जेवर समेत कुल 26 लाख रुपये का सामान बरामद किया है। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह तीन राज्यों में 100 से अधिक लूट, डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई 2026 की सुबह ग्राम रोहरा निवासी और दीपक ज्वेलर्स के संचालक बलराम सोनी एक्टिवा से तरेंगा से रोहरा जा रहे थे। रोहरा हाई स्कूल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने हमला कर मोबाइल और स्कूटी की चाबी छीन ली तथा बैग में रखे 13 किलोग्राम चांदी और 70 ग्राम सोना, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये थी, लूटकर फरार हो गए। मामले में भाटापारा ग्रामीण थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

AI तकनीक और 1000 से ज्यादा CCTV फुटेज से मिली सफलता
नवागत पुलिस अधीक्षक गौरव राय (IPS) के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल ने इस मामले को प्राथमिकता से लिया। जांच के दौरान भाटापारा, बेमेतरा, मुंगेली, तखतपुर, बिलासपुर और रतनपुर मार्ग के 1000 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए। पुलिस ने AI आधारित वीडियो और डेटा एनालिटिक्स का उपयोग कर संदिग्धों की गतिविधियों का विश्लेषण किया और उनके रूट मैप तैयार किए। साइबर सेल की तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पहले भी ज्वेलर्स को बना चुके थे निशाना
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार गिरोह ने वर्ष 2022 और 2024 में भी भाटापारा क्षेत्र के दो ज्वेलर्स से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और आश्रयदाताओं की तलाश कर रही है।

हथियार, स्कॉर्पियो और बाइक समेत बड़ी बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 14 जिंदा कारतूस, एक लोहे की तलवार, महिंद्रा स्कॉर्पियो, दो मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन, नकदी और करीब एक लाख रुपये के चांदी के जेवर जब्त किए हैं। कुल बरामद संपत्ति की कीमत लगभग 26 लाख रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी
बबलू पाण्डेय उर्फ शत्रुहन (48), चित्रकूट, उत्तर प्रदेश, जयदीप गुप्ता (43), रीवा, मध्य प्रदेश, जिआ उल हक (42), गोंडा, उत्तर प्रदेश, गंगासागर पाण्डेय (42), चित्रकूट, उत्तर प्रदेश

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और चोरी समेत 100 से अधिक गंभीर अपराध दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों और पुराने मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच जारी है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के लिए बड़ा मौका,...

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने वर्ष 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, नगद राशि पुरस्कार, खेलवृत्ति (डाइट मनी) और...

छात्र को अमानवीय सजा! शिक्षिका ने कॉपी में करीब...

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में एक निजी स्कूल से छात्र को अमानवीय और आपत्तिजनक सजा दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है...

ऑनलाइन गेम की लत में साथी आरक्षक का मोबाइल...

जांजगीर-चांपा। जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को...

साइबर ठगी पर लगेगी लगाम, IIT भिलाई और रूंगटा...

रायपुर। ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल पेमेंट के बढ़ते चलन के साथ साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में आम...