महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवक की मारपीट से हुई मौत के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35) के रूप में हुई है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर में महिला मित्र से मिलने पहुंचे शिवा का तीन युवकों से विवाद हो गया था, जिसके बाद आरोपियों ने लात-घूंसों और हाथ-मुक्कों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर चोटों के चलते शिवा की मौत हो गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।

महिला मित्र से मिलने पहुंचा था शिवा

पुलिस के अनुसार, 8 सितंबर की रात शिवा सेठ्ठी ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले राजू महंत उर्फ संजय महंत, कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने एक राय होकर शिवा के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से उसकी पिटाई की और जमीन पर पटक-पटककर मारा। इस हमले में शिवा को गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटें आईं।

घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत

मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और उसे पूरी घटना बताई। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह अपने घर चला गया। लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया। बाद में घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। जूटमिल पुलिस ने मर्ग जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और घटना के समय बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए।

पोस्टमार्टम में हेड इंजरी से मौत की पुष्टि

जांच के दौरान गवाहों ने तीनों आरोपियों द्वारा शिवा के साथ मारपीट किए जाने की पुष्टि की। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मृत्यु का कारण बताया।

मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि के बाद 12 सितंबर को जूटमिल थाना में अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

जेल से रिहाई के दौरान दोनों आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। जांच में पुलिस को पता चला कि राजू महंत और कृष्णा साव पूर्व कार्रवाई के तहत जिला जेल रायगढ़ में निरुद्ध थे और जल्द ही रिहा होने वाले हैं।

पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ तलब किया और पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पूछताछ और मेमोरेंडम में दोनों आरोपियों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा सेठ्ठी से मारपीट करना स्वीकार किया।

विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं फरार आरोपी धन्नू निषाद की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी

राजू महंत उर्फ संजय महंत (35 वर्ष) — निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।

कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव (35 वर्ष) — निवासी ट्रांसपोर्ट नगर वाल्मीकि आवास, जूटमिल, रायगढ़।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

NEET में द फ्लैश एकेडमी के 25 विद्यार्थियों का...

भिलाई। द फ्लैश एकेडमी, भिलाई की ओर से NEET परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।...

युवा वकील की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे पर...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में प्रैक्टिस कर रहे युवा वकील सौरभ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उनका शव कमरे में...

मातम में बदली तीजा की खुशियां: पिकअप ने बाइक...

धमतरी। तीजा पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई। हादसा पुरूर के पास...

पत्नी से अवैध संबंध का शक, पति ने पड़ोसी...

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। प्रतापपुर...