साथियों के जमानत के लिए श्मशान घाट पर तंत्र साधना, चीफ जस्टिस की तस्वीर समेत नींबू, नारियल और सिंदूर बरामद

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र में श्मशान घाट पर कथित तंत्र साधना का मामला सामने आया है। ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में देर रात चार युवक पूजा-पाठ करते मिले। मौके से छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत दो अन्य लोगों की तस्वीरें, पूजा सामग्री, मरी हुई मछली, नींबू, नारियल और सिंदूर बरामद होने की बात सामने आई है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों को देर रात श्मशान घाट में कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। काफी देर तक निगरानी करने के बाद ग्रामीणों का समूह मौके पर पहुंचा। ग्रामीणों को देखकर वहां मौजूद चार युवक भागने लगे। इस दौरान ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि तीन अन्य मौके से फरार हो गए।

मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। वायरल वीडियो में पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक से पूछताछ करते हुए उसे यह कहते सुना जा सकता है कि क्या वह जज को नुकसान पहुंचाना चाहता था। युवक कथित तौर पर तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधि से इनकार करता नजर आ रहा है।

जमानत के लिए तांत्रिक क्रिया कराने का दावा

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक ऋषिकेश कुमार बिलासपुर के राजकिशोर नगर का रहने वाला है। बताया गया कि वह सोशल मीडिया के जरिए एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आया था। आरोप है कि तांत्रिक ने युवक के रिश्तेदारों से कहा था कि श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करने से जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत मिल सकती है।

जानकारी के मुताबिक, युवक का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के एक मामले में जेल से बाहर आ चुका है, जबकि उसके कुछ अन्य साथियों की जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। इसी जमानत को लेकर कथित तौर पर तांत्रिक क्रिया किए जाने की बात सामने आई है।

चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर तंत्र साधना का आरोप

पुलिस के अनुसार, कथित तांत्रिक के कहने पर चार लोग देवरी स्थित श्मशान घाट पहुंचे थे। वहां चीफ जस्टिस की तस्वीर समेत अन्य लोगों के फोटो रखकर पूजा-पाठ किए जाने का आरोप है। हालांकि, इस पूरे मामले में अभी पुलिस की जांच जारी है और तंत्र साधना के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

ग्रामीणों का कहना है कि देवरी के इसी श्मशान घाट में पहले भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आ चुका है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। फिलहाल पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और फरार युवकों की तलाश के साथ ही मौके से मिली सामग्री और तस्वीरों की जांच की जा रही है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

काले कागज को केमिकल से असली नोट बनाने का...

जांजगीर-चांपा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में काले कागज को विशेष केमिकल के जरिए असली नोट में बदलने का झांसा देकर ठगी करने की...

शादी के चार दिन बाद जेवर लेकर दुल्हन फरार!...

सरगुजा। मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के एक परिवार ने सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के जमगला गांव के एक परिवार पर विवाह के...

बैठक से पहले बिलासपुर चैंबर में इस्तीफे से हलचल,...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी समिति की बैठक से पहले बिलासपुर संभाग में संगठनात्मक हलचल तेज हो गई है। बिलासपुर...

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी में 1235 पदों पर निकली...

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने राज्य में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीनों पावर कंपनियों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 1235...