रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ ने राज्य में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। तीनों पावर कंपनियों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 1235 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है। इनमें सहायक अभियंता, कनिष्ठ अभियंता, प्लांट अटेंडेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फायर ऑफिसर एवं स्टाफ, विधि विभाग, वित्त अधिकारी और सुरक्षा विभाग सहित कई पद शामिल हैं।
राज्य गठन के बाद यह पहली बार है, जब छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ में इतनी बड़ी संख्या में एक साथ भर्ती की जा रही है। भर्ती से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ ही बिजली कंपनियों में आवश्यक मानव संसाधन की कमी भी दूर होगी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर शुरू हुई भर्ती प्रक्रिया
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पावर कंपनियों में रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती करने के निर्देश अधिकारियों को दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप अब पावर कंपनियों में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने भी अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
तीनों कंपनियों में होंगी भर्तियां
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) विभाग की ओर से भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। कुल 1235 पदों में द्वितीय श्रेणी के 189 पद, तृतीय श्रेणी के 711 पद और चतुर्थ श्रेणी के 335 पद शामिल हैं।
कंपनीवार रिक्तियों की स्थिति इस प्रकार है—
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी: 547 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी: 96 पद
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी: 415 पद
तीनों कंपनियों के कॉमन कैडर: 177 पद
डाटा एंट्री ऑपरेटर के सबसे ज्यादा पद
भर्ती में सबसे अधिक डाटा एंट्री ऑपरेटर के 400 पद शामिल हैं। इसके बाद प्लांट अटेंडेंट के 300 पद, सहायक अभियंता के 146 पद और कनिष्ठ अभियंता के 122 पद हैं। इसके अलावा विभिन्न तकनीकी, प्रशासनिक, चिकित्सा, वित्त, विधि, अग्निशमन और सुरक्षा विभागों के पद भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं।
आवेदन और परीक्षा की तारीख बाद में होगी जारी
भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, पदवार पात्रता, नियम एवं शर्तें, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देश अलग से जारी किए जाएंगे। आवेदन की शुरुआत और परीक्षा की तारीख की जानकारी भी बाद में घोषित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि भर्ती से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ की वेबसाइट www.cspc.co.in पर नजर बनाए रखें। भर्ती संबंधी सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं इसी वेबसाइट पर अपलोड की जाएंगी।

