रायपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सोशल मीडिया-डिजिटल प्लेटफॉर्म की अध्यक्ष सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है। भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। दोनों पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर से संबंधित एक पुराने वीडियो को भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया पर साझा करने का आरोप है।
स्वतंत्रता दिवस के दिन वायरल हुआ था पुराना वीडियो
मामला धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के एक वीडियो से जुड़ा है। 15 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते नजर आ रहे थे। पोस्ट के जरिए यह दावा किया गया कि विधायक ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भाजपा का झंडा फहराया।
बाद में सामने आया कि यह वीडियो 22 मार्च को आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। स्वतंत्रता दिवस के दिन अजय चंद्राकर ने धमतरी जिला मुख्यालय स्थित एकलव्य खेल मैदान में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया था और सलामी दी थी। विधायक ने स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़े वीडियो भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किए थे।

विधायक ने भी दी थी सफाई
वीडियो को लेकर अजय चंद्राकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह के तौर पर प्रसारित किया जा रहा वीडियो वास्तव में 22 मार्च को आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनका पुराना वीडियो कांग्रेस के एक्स अकाउंट से भी साझा किया गया।
FIR में तीन सोशल मीडिया अकाउंट/व्यक्तियों का नाम
भाजपा प्रवक्ता उज्ज्वल दीपक की शिकायत के बाद दर्ज FIR में सुप्रिया श्रीनेत, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा सिंह राठौर और ‘जेन जी ऑफ इंडिया’ नामक एक्स अकाउंट का नाम शामिल किया गया है। पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर कार्रवाई की है। अब पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित वीडियो किस संदर्भ में साझा किया गया तथा उसे लेकर किए गए दावों की वास्तविकता क्या थी।

