पत्नी घर छोड़कर भागी तो कर दी पड़ोसी की हत्या, आरोपी पति को पकड़ने 7 घंटे चला ऑपरेशन

गरियाबंद। जिले के शोभा थाना क्षेत्र के पेंड्रा गांव में गुरुवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। पत्नी के घर छोड़कर चले जाने से नाराज एक युवक ने अपने पड़ोसी पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने एक अन्य युवक पर भी जानलेवा हमला किया, जो किसी तरह अपनी जान बचाकर भाग निकला। वारदात के बाद आरोपी अपने ही घर में छिप गया और पुलिस को उसे पकड़ने के लिए करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक, पेंड्रा निवासी 32 वर्षीय हीरा नागेश ने अपने पड़ोसी 38 वर्षीय खोलबहरा नागेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से खोलबहरा की मौके पर ही मौत हो गई। इससे पहले आरोपी ने 25 वर्षीय नरेंद्र पर भी प्राणघातक हमला किया था। घायल नरेंद्र का उपचार मैनपुर अस्पताल में चल रहा है।

पत्नी के मायके जाने के बाद भड़का आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी राजमिस्त्री का काम करता है और नशे का आदी है। कुछ समय तक दवा लेने के बाद उसने शराब पीना छोड़ दिया था, लेकिन मानसिक तनाव के बीच उसने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया। इसके बाद उसका व्यवहार आक्रामक हो गया और घर में आए दिन विवाद होने लगा।

बीती रात भी आरोपी का अपनी पत्नी जागेश्वरी से विवाद हुआ था। सुबह आरोपी के उठने से पहले ही पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई। सुबह करीब 6 बजे आरोपी पत्नी की तलाश करने लगा। इसी दौरान उसका नरेंद्र से विवाद हुआ और उसने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने पड़ोसी खोलबहरा नागेश पर हमला किया, जिसमें उसकी मौत हो गई।

घर में खुद को किया कैद, पुलिस पर गुलेल से हमला

वारदात की सूचना मिलते ही शोभा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी ने खुद को अपने घर के अंदर बंद कर लिया। पुलिस जब उसे पकड़ने के लिए घर के पास पहुंची तो आरोपी ने गुलेल से जवानों पर हमला कर दिया। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की भी जानकारी है।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मैनपुर पुलिस और एसडीओपी भी मौके पर पहुंचे। आरोपी को घर से बाहर निकालने के लिए पुलिस ने हेलमेट पहनकर मोर्चा संभाला और घर की छत के ऊपर से मिर्ची का धुआं छोड़ा। इसके बाद आरोपी बाहर निकला, लेकिन करीब 200 मीटर तक पुलिस जवानों पर हमला करने के लिए दौड़ता रहा। आखिरकार जवानों ने उसे काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।

दो थानों के 50 से ज्यादा जवान जुटे

आरोपी को पकड़ने के लिए शोभा और मैनपुर थाना क्षेत्र के 50 से अधिक पुलिस जवानों को करीब 7 घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी में है।

दहशत में रहा पूरा गांव, स्कूल और आंगनबाड़ी नहीं खुले

हत्या की वारदात और आरोपी के कई घंटे तक गांव में खुलेआम तांडव करने से पेंड्रा में दहशत का माहौल बना रहा। सड़क पर लहूलुहान शव मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। आरोपी के डर से लोग घरों में दुबके रहे। सुरक्षा को देखते हुए गांव के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी नहीं खोले गए।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

वीबी-जी राम जी में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, तीन...

बलौदाबाजार। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही बरतना तीन ग्राम रोजगार सहायकों को भारी पड़...

CG Crime : शादी का झांसा देकर युवती से...

सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर 24 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। युवती की...

RTE रिकॉर्ड पर हाईकोर्ट सख्त: शून्य सीट दिखाने पर...

बिलासपुर। शिक्षा के अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत निजी स्कूलों में आरक्षित सीटों का सही रिकॉर्ड पेश नहीं करने पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी...

हरिराज होटल के बाथरूम में कैमरे मिलने की खबर...

भिलाई। शहर के प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट हरि राज के बाथरूम में कथित तौर पर हिडन कैमरा मिलने का मामला सामने आने के बाद अब इसे...