कोरबा। जिले के पाली थाना क्षेत्र के ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। अलगू तालाब में नहाने गई तीन मासूम सहेलियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि तीनों स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने चली गई थीं। इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। शवों की तलाश के लिए घंटों मशक्कत की गई, जिसके बाद तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव में पसरा मातम
तीन मासूम बच्चियों की एक साथ मौत की खबर से नुनेरा गांव में मातम पसरा हुआ है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

