लालमैदान में सजेगा मां जगदंबा का भव्य दरबार : डोंगरगढ़ पहुंच कर समिति मंडल ने मां बम्लेश्वरी को दिया आमंत्रण

भिलाई। पावर हाउस स्थित लालमैदान में आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 की तैयारियों के बीच लालमैदान दुर्गोत्सव समिति ने धार्मिक परंपरा के अनुरूप देवी शक्तियों को आमंत्रित करने का क्रम शुरू किया है। इसी कड़ी में समिति का प्रतिनिधिमंडल डोंगरगढ़ पहुंचा और मां बम्लेश्वरी के दरबार में पहुंचकर आगामी नवरात्र उत्सव का विधिवत आमंत्रण अर्पित किया।

इससे पहले समिति की ओर से किसी भी शुभ कार्य से पूर्व प्रथम पूजनीय भगवान श्री गणेश को प्रथम आमंत्रण अर्पित किया गया था। इसके बाद समिति के सेवादारों ने डोंगरगढ़ की पहाड़ियों पर विराजमान मां बम्लेश्वरी के दर्शन-पूजन किए और लालमैदान में आयोजित होने वाले नवरात्र उत्सव के लिए माता के श्रीचरणों में आमंत्रण अर्पित कर आशीर्वाद मांगा।

मां के जागृत धाम पहुंचकर अर्पित किया आमंत्रण
समिति के अनुसार लालमैदान में प्रतिवर्ष शारदीय नवरात्र के दौरान मां जगदंबा का भव्य दरबार सजाया जाता है। वर्षों से यह आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित होता आ रहा है। इस बार समिति के सेवादारों ने मां को केवल भावनात्मक रूप से आमंत्रित करने के बजाय उनके जागृत धाम पहुंचकर स्वयं श्रीचरणों में आमंत्रण अर्पित करने का निर्णय लिया।

प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन की सफलता के लिए की प्रार्थना
प्रतिनिधिमंडल ने मां बम्लेश्वरी से प्रार्थना की कि वे शारदीय नवरात्र के दौरान लालमैदान पधारें और अपने भक्तों एवं सेवादारों पर कृपा बनाए रखें। समिति ने आयोजन के निर्विघ्न और भव्य रूप से संपन्न होने के साथ ही सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने डोंगरगढ़ में स्थित छोटी मां बम्लेश्वरी के दरबार में भी पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। यहां भी मां के श्रीचरणों में शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रण अर्पित कर आयोजन की सफलता और सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।

मां पाताल भैरवी के दरबार में भी पहुंचा समिति का दल
धार्मिक यात्रा के अगले पड़ाव में समिति का प्रतिनिधिमंडल राजनांदगांव स्थित मां पाताल भैरवी मंदिर पहुंचा। यहां सेवादारों ने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ माता के दर्शन-पूजन किए और लालमैदान के नवरात्र उत्सव का आमंत्रण अर्पित किया। समिति की ओर से मां से आयोजन के दौरान अपनी कृपा बनाए रखने और सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का संचार करने की प्रार्थना की गई।

सेवादारों ने दिया आमंत्रण
समिति के सेवादारों ने कहा कि भगवान श्री गणेश को प्रथम आमंत्रण देने के बाद मां आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों के जागृत धामों में पहुंचकर उनके श्रीचरणों में निमंत्रण अर्पित करना इस वर्ष के आयोजन की धार्मिक यात्रा का विशेष और भावपूर्ण हिस्सा रहा। समिति का कहना है कि मां की प्रेरणा और कृपा से शुरू हुई इस परंपरा को आने वाले वर्षों में भी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

SBI कियोस्क में 10 साल तक खाताधारकों के पैसों...

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में बैंक खाताधारकों से कथित धोखाधड़ी और करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने...

सरकारी अस्पतालों पर आमने-सामने होंगे बैज-जायसवाल? : PCC चीफ...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में नेताओं के बीच खुली बहस को लेकर नया मुकाबला सामने आया है। पीएम आवास के मुद्दे पर भूपेश बघेल...

‘आधा दर्जन से ज्यादा पूर्व विधायक संपर्क में’ :...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष...

रिश्वत के नोट जेब से मिले, फिर भी नहीं...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने रिश्वत के एक पुराने मामले में अहम टिप्पणी करते हुए कहा है कि किसी आरोपी के पास से रकम बरामद...