राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले से स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की शिकायत अब कलेक्टर से की गई है।
प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल पहुंची थी महिला
जानकारी के मुताबिक, महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे राजनांदगांव के जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां इलाज के दौरान महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और संबंधित चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।

बिना पोस्टमार्टम शव सौंपने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जच्चा-बच्चा की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले को दबाने की कोशिश की। उनका कहना है कि महिला के शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने इस पूरी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
कलेक्टर से शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग
महिला के रिश्तेदारों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से शिकायत की है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत के बाद जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

