बिलासपुर। शहर के भारतीय नगर इलाके में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। गोपाल पटेल के मुताबिक उनका मोबाइल हैक होने के बाद G-Pay के जरिए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1 लाख 16 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। खाते से रकम निकलने का पता चलने के बाद उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और सिविल लाइन थाने में आवेदन देकर FIR दर्ज करने की मांग की है।
कुछ मिनटों में खाते से निकल गई रकम
पीड़ित के अनुसार घटना 8 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की है। अचानक उनका मोबाइल हैक हो गया। इसी दौरान मोबाइल में संचालित G-Pay के जरिए अलग-अलग खातों में लेन-देन किया गया। कुछ समय बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ तो गोपाल पटेल ने अपने खाते की जांच की। ट्रांजेक्शन हिस्ट्री देखने पर उन्हें पता चला कि खाते से कुल 1.16 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं।
तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर दर्ज कराई शिकायत
घटना का पता चलते ही पीड़ित ने बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क किया और साइबर क्राइम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सिविल लाइन थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और FIR दर्ज करने के लिए आवेदन सौंपा। पीड़ित का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने आवेदन लिया है और वे मामले में अपराध दर्ज होने तथा आगे की साइबर जांच शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
ट्रांजेक्शन और बैंक खातों की जांच की मांग
गोपाल पटेल ने पुलिस अधिकारियों से जल्द जांच शुरू करने की मांग की है। उन्होंने ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई, उन खातों के धारकों और पूरे डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कराने की मांग की है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि मोबाइल किस तरीके से हैक किया गया और रकम ट्रांसफर करने में किन लोगों की भूमिका है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

