दुर्ग। प्रदेश भर में हो रही भारी बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा में बाढ़ का पानी बस्ती में घुसने से कई ग्रामीण फंस गए थे। नगर सेना और SDRF दुर्ग की टीम ने आधी रात को विषम परिस्थितियों में मोर्चा संभालते हुए 5 घंटे का सघन नाइट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक चले इस मैराथन अभियान में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित कुल 50 से 55 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

SDRF अधिकारी नागेंद्र सिंह के अनुसार रात 11 बजे आपातकालीन नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली थी कि परसदा में बाढ़ का पानी अचानक बस्तियों में प्रवेश कर गया है और तेज बहाव के बीच कई परिवार फंसे हुए हैं। सूचना पर जिला SDRF रेस्क्यू टीम मोटर बोट (OBM), लाइफ जैकेट, लाइट, लाइफ रिंग्स के साथ तत्काल रवाना हुई।
घने अंधेरे और तेज बहाव के बीच जवानों ने जलमग्न घरों तक बोट पहुंचाई और एक-एक कर सभी को मुख्य मार्ग व सुरक्षित राहत स्थलों तक पहुंचाया। जवानों की तत्परता से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

