रायपुर। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर चंदनपुर कर दिया गया है। तेज बारिश के बीच शुक्रवार देर रात उप मुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा गांव की नई पहचान का राजपत्र लेकर चंदनपुर पहुंचे और ग्रामीणों को राजपत्र की प्रति सौंपकर बधाई दी।
ग्रामीण लंबे समय से नाम परिवर्तन की मांग कर रहे थे। राजपत्र मिलते ही ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और डिप्टी CM का स्वागत किया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने गांव के विकास के लिए सीसी रोड और सामुदायिक भवन के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा, जिसमें आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नया नाम अपडेट किया जाएगा।
विजय शर्मा ने कहा कि गांव का नाम केवल पहचान नहीं, जनभावनाओं से जुड़ा होता है। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया, कैबिनेट में चर्चा हुई, राज्यपाल की स्वीकृति के बाद राजपत्र में प्रकाशन किया गया। अब चंदनपुर नाम सरकारी अभिलेखों और शासकीय वेब पोर्टल में स्थायी रूप से दर्ज रहेगा।

