रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित Innovation & Entrepreneurship Conclave 2026 को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य का विषय है कि राज्य में इस तरह के आयोजन के जरिए युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के लिए मंच मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के उद्घाटन का भी उल्लेख किया। इस सेंटर का उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका ने इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में किया है। इसका फोकस बायोटेक्नोलॉजी और कृषि से जुड़े नवाचार एवं स्टार्टअप को बढ़ावा देना है।
कृषि और बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर को मिलेगा फायदा
CM साय ने विश्वविद्यालय परिवार और प्रदेश के युवा विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर के शुरू होने से बायोटेक्नोलॉजी और एग्रीकल्चर सेक्टर में प्रदेश के साथ देश को भी लाभ मिलेगा। सेंटर के माध्यम से नए आइडिया, रिसर्च और तकनीक को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
SIR को लेकर CM साय का बयान
SIR को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अगर SIR की CBI जांच हो रही है तो इससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने जांच के जरिए पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होने की बात कही।
युवाओं और स्टार्टअप्स को मंच
यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं, शोधार्थियों, स्टार्टअप्स और उद्यमियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन में नवाचार, तकनीक, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है।

