दुर्ग में गोदाम से निर्माण सामग्री चोरी, 6 आरोपी गिरफ्तार, कबाड़ी भी पकड़ाया

दुर्ग। जिले के ग्राम समोदा में निर्माण सामग्री से भरे गोदाम में चोरी के मामले में दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोदाम से करीब 98 हजार रुपये की निर्माण सामग्री चोरी करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी पुलिस ने पकड़ा है। इस मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, घटना 28 सितंबर 2026 की रात की है। दुर्ग के तमेर पारा निवासी 52 वर्षीय विमल कुमार ताम्रकार का ग्राम समोदा नदी रोड स्थित खेत में गोदाम है, जहां सिविल ठेकेदारी से संबंधित निर्माण सामग्री रखी हुई थी। रात करीब 11:38 बजे मोबाइल पर गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर वे दुर्ग से गोदाम पहुंचे। रात करीब 12:25 बजे वहां पहुंचने पर कुछ लोग सामान चोरी कर ले जाते दिखाई दिए।

विमल कुमार ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो एक आरोपी ने लोहे के पाइप से उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे हमला कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी चोरी का सामान लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर जेवरा सिरसा चौकी में अपराध क्रमांक 853/2026 के तहत धारा 307, 331(4) और 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

पूछताछ में खुला चोरी का राज, कबाड़ी तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस ने नामजद आरोपी लोकेश चन्द्राकर और भगवंत देशमुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अन्य आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि चोरी की निर्माण सामग्री कबाड़ी के पास बेची गई थी। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी अनुप मिश्रा उर्फ राजू को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों और कबाड़ी के कब्जे से चोरी की सामग्री के साथ बिक्री से मिली रकम भी बरामद की। मामले में कुल 6 आरोपियों को 30 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, 3 विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

मोटर पंप, हाइड्रोलिक जैक और केबल समेत सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.5 एचपी का थ्री-फेस मोटर पंप, कांक्रीट वाइब्रेटर, 3.5 टन और 6 टन क्षमता के हाइड्रोलिक जैक, प्लेट वाइब्रेटर, कांक्रीट पंप का बेंड पाइप, करीब 40 किलो एल्युमिनियम अर्थिंग केबल और 30 किलो लोहे का स्क्रैप बरामद किया है।

इसके अलावा एमएस पाइप का करीब 20 मीटर टुकड़ा, नट-बोल्ट, घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त रकम में से 1,000 रुपये भी जब्त किए गए हैं।

दो आरोपी अब भी फरार

पुलिस के अनुसार, इस मामले में वासु निषाद और गिरवर यादव घटना के बाद से फरार हैं। दोनों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने रात के समय गोदाम को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल मामले में आगे की विवेचना जारी है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

छत्तीसगढ़ में 10 हजार युवाओं के लिए रोजगार का...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार की ओर से रायपुर में 7 और 8...

हाईकोर्ट में पुलिस भर्ती की 100 मीटर दौड़ के...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती के शारीरिक दक्षता परीक्षण के दौरान 100 मीटर दौड़ का समय दर्ज किए जाने को लेकर दायर याचिका पर...

छत्तीसगढ़ में SIR को लेकर सियासी घमासान, पूर्व मंत्री...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है। पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने SIR के बाद मतदाता...

दुर्ग में बड़ी कार्रवाई: हिस्ट्रीशीटर हरेराम प्रसाद 1 साल...

दुर्ग। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दुर्ग पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी...