बालोद। बालोद शहर में एक युवती पर एसिड से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। 22 वर्षीय युवती आमापारा क्षेत्र की लाइब्रेरी से पढ़ाई करने के बाद घर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात युवक ने कथित रूप से उस पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुए हमले से युवती घायल हो गई और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल युवती की मदद की और उसे तत्काल बालोद जिला अस्पताल पहुंचाया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का होने के कारण पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
लाइब्रेरी से निकलने के बाद वारदात
बताया जा रहा है कि युवती नियमित रूप से पढ़ाई के लिए आमापारा स्थित लाइब्रेरी गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब वह घर की ओर रवाना हुई, तभी रास्ते में उस पर हमला किया गया। हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। फिलहाल आरोपी की पहचान सामने नहीं आई है।
जिला अस्पताल के बाद रायपुर रेफर
हमले में घायल युवती को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए उसे रायपुर स्थित डीके अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवती का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात के दौरान मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही हमलावर की पहचान के प्रयास कर रही है। हमला किस वजह से किया गया और आरोपी कौन है, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे।

