रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। jmdbet777.com ऑनलाइन बैटिंग साइट के पैनल का संचालन करने के मामले में पिछले 9 महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

92.50 लाख रुपये का सामान और नकदी हुई थी जब्त
पुलिस के मुताबिक, गंज थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 30/26 के तहत ऑनलाइन सट्टा संचालन के मामले में पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने नागोराव गली अंडरब्रिज के पास चारपहिया वाहनों में ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37.50 लाख रुपये नकद, करीब 5 लाख रुपये कीमत के 10 मोबाइल फोन और तीन कारें जब्त की थीं। इनमें दो महिंद्रा थार और एक नेक्सा XL6 कार शामिल थी। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 92.50 लाख रुपये बताई गई थी।
ऑनलाइन बैटिंग साइट का पैनल चलाता था आरोपी
इस मामले में jmdbet777.com ऑनलाइन बैटिंग साइट की आईडी लेकर पैनल संचालित करने वाला मुख्य आरोपी नितिन मोटवानी घटना के बाद से फरार था। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को आरोपी की रायपुर में मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने उसकी पतासाजी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर ऑनलाइन बैटिंग साइट के पैनल का संचालन करना स्वीकार किया।
खम्हारडीह का रहने वाला है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन मोटवानी (45 वर्ष), पिता बीजू मोटवानी, निवासी सी-304, पाल्म बैलाजियो, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

