रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बस्तर दौरे और ऐतिहासिक बस्तर दशहरा को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने बस्तर दशहरा के पारंपरिक मुरिया दरबार को मजाक बनाकर रख दिया है और पर्व से जुड़ी रीति-रिवाजों एवं परंपराओं के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। बैज ने राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को लेकर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि राष्ट्रपति दो बार बस्तर आईं, लेकिन इससे आखिर क्या फायदा हुआ?
दीपक बैज ने कहा कि बस्तर दशहरा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि यहां की वर्षों पुरानी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। उनके मुताबिक इसके पारंपरिक स्वरूप में बदलाव करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बस्तर दशहरा के छाया चित्र को भी गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने नक्सलवाद के मुद्दे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। श्री बैज ने कहा कि बस्तर में नक्सलियों के नाम पर 4 हजार से ज्यादा लोग जेल में बंद हैं। उनका आरोप है कि बड़े और दुर्दांत नक्सली सरकार की गोद में बैठे हैं। बैज ने कहा कि राष्ट्रपति के पास ताकत है और वे ऐसे लोगों को रिहा कर सकती हैं।
दिल्ली में इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर बोले बैज
इंडिया गठबंधन की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर भी दीपक बैज ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 1 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ से भी हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही। श्री बैज के मुताबिक यह प्रदर्शन वोट चोरी और SIR के माध्यम से मतदाताओं के नाम काटे जाने के मुद्दे को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर भी इस दौरान बड़ा प्रदर्शन होगा।
स्मृति ईरानी के दौरे पर भी कसा तंज
भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी दीपक बैज ने तंज कसा। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या स्मृति ईरानी भाजपा के भीतर चल रही गुटबाजी को कम कर पाएंगी? श्री बैज ने सरकार पर भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाते हुए महंगाई को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि क्या प्रदेश में महंगाई कम होगी? क्या 13 रुपये किलो की दर से शकर मिलेगी और क्या 400 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा? उन्होंने कहा कि यही जनता से जुड़े सवाल हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा कि स्मृति ईरानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खास और बड़ी नेता हैं, इसलिए उम्मीद है कि उनके दौरे के बाद इन मुद्दों पर कुछ बदलाव देखने को मिलेगा।

