भिलाई/मुंगेली। प्रदेश में अर्नब चक्रवात के प्रभाव से हुई भारी बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में कटाई के लिए तैयार खड़ी फसलें लगातार बारिश और जलभराव के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। किसानों को हुए इस नुकसान को देखते हुए भिलाई नगर विधानसभा के विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर प्रभावित किसानों को तत्काल मुआवजा देने और उनके कृषि ऋण माफ करने की मांग की है।
विधायक देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश में अचानक हुई मूसलाधार बारिश के कारण किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो गई हैं। खेतों में पानी भर जाने से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अधिकांश किसान अपनी आजीविका के लिए खेती पर निर्भर हैं। ऐसे में फसल खराब होने से उनके सामने परिवार के भरण-पोषण और आगामी कृषि कार्यों को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

तत्काल सर्वे और मुआवजे की मांग
देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को तत्काल निर्देश देकर प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का विस्तृत सर्वे कराया जाए। नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही संकट से जूझ रहे किसानों के कृषि ऋण माफ करने की घोषणा भी की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
मुंगेली दौरे के दौरान खेतों में रुके विधायक, किसानों से जाना हाल
इससे पहले ‘रोड बचाओ, देश बचाओ’ कार्यक्रम के सिलसिले में मुंगेली जिले के प्रवास के दौरान विधायक देवेंद्र यादव ने रास्ते में खेतों में रुककर किसानों से बातचीत की। इस दौरान किसानों ने उन्हें बारिश के कारण फसलों को हुए भारी नुकसान की जानकारी दी और अपनी परेशानियां साझा कीं।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक ने उनकी आर्थिक स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने किसानों को राहत दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल मुआवजा और कर्जमाफी की मांग उठाई है। अब देखना होगा कि राज्य सरकार प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए क्या कदम उठाती है।

