भिलाई। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भिलाई के हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिली है। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) की रिटेंशन स्कीम के तहत क्वार्टरों में रहने वाले लोगों के लिए मासिक किराया अब 6 रुपये प्रति वर्गफीट निर्धारित कर दिया गया है। इस फैसले का लाभ 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगा। लंबे समय से इस मुद्दे पर चल रही मांग और असमंजस के बीच सेल प्रबंधन के इस निर्णय से BSP टाउनशिप के रहवासियों में खुशी का माहौल है।
BSP प्रबंधन ने जारी किया कार्यालय आदेश
SAIL-भिलाई स्टील प्लांट के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को कार्यालय आदेश क्रमांक TSD/2026/564 जारी किया है। इसके तहत 17 नवंबर 2025 को जारी पूर्व सर्कुलर में आंशिक संशोधन करते हुए रिटेंशन स्कीम के अंतर्गत आवंटित क्वार्टरों का किराया 6 रुपये प्रति वर्गफीट प्लिंथ एरिया प्रतिमाह तय किया गया है।
रिटेंशन और थर्ड पार्टी धारकों को मिलेगा फायदा
इस निर्णय की खास बात यह है कि निर्धारित किराया दर का लाभ रिटेंशन धारकों के साथ-साथ लाइसेंस धारकों और थर्ड पार्टी के रूप में रहने वाले लोगों को भी समान रूप से मिलेगा। नई दर 1 जनवरी 2025 से लागू मानी जाएगी। आदेश AGM (TSD) सोमेश द्विवेदी द्वारा सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।

प्रेमप्रकाश पाण्डेय और विजय बघेल ने उठाया था मुद्दा
इस मांग को पूरा कराने के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय और दुर्ग सांसद विजय बघेल लगातार प्रयासरत थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में इस विषय को दिल्ली से लेकर BSP प्रबंधन तक प्रमुखता से उठाया गया। जनभावनाओं और हजारों परिवारों की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए शासन तथा प्रबंधन स्तर पर सहमति बनी, जिसके बाद सेल प्रबंधन ने किराया निर्धारण का आदेश जारी किया।
टाउनशिप के हजारों परिवारों को मिली राहत
BSP टाउनशिप में लंबे समय से रह रहे परिवारों के लिए यह फैसला बड़ी राहत लेकर आया है। महंगे किराये को लेकर बनी चिंता अब काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। नई दर लागू होने से रिटेंशन स्कीम के तहत रहने वाले परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।
प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने भिलाईवासियों को दी बधाई
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने इस निर्णय पर भिलाईवासियों को बधाई दी। उन्होंने इसे जनता की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही मांग पर सकारात्मक निर्णय हुआ है। इससे हजारों परिवारों को राहत मिलेगी और उनके लिए आगे का रास्ता आसान होगा।

