महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच पटवारियों को निलंबित कर दिया है। राजस्व कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति को लेकर कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। निलंबित पटवारियों में बागबाहरा के तीन, जबकि बसना और सरायपाली के एक-एक पटवारी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, पंजीयन, पीवी सत्यापन और डीसीएस सर्वे जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर प्रशासन ने यह कदम उठाया। संबंधित एसडीएम ने पांचों पटवारियों के निलंबन आदेश जारी किए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

इन पांच पटवारियों पर हुई कार्रवाई
निलंबित किए गए पटवारियों में भंगी राम ध्रुव, कमलेश डहरे, नीरज कुमार वर्मा, तिलक राम चौधरी और दमयंती नायक के नाम शामिल हैं।बताया जा रहा है कि ये पटवारी हड़ताल पर भी गए थे। प्रशासन ने राजस्व कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और लापरवाही को कार्रवाई का आधार बनाया है।
निलंबन अवधि में मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
प्रशासनिक आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान संबंधित पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद जिले के राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई है।

