रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर दौरे के बाद रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे पर अपनी बात रखी।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर CM साय का जवाब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बस्तर दौरे को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सहयोग और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। छत्तीसगढ़ के लिए यह सौभाग्य की बात है कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में प्रदेश को प्रधानमंत्री का पूरा सहयोग मिला।
नक्सलवाद के मुद्दे पर राहुल की टिप्पणी सिर्फ प्रलाप
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद के मुद्दे पर उनकी टिप्पणी बेकार का प्रलाप है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की इच्छाशक्ति कभी नहीं रही। सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को सफलता मिली है। उन्होंने आगे कहा कि नक्सलवाद छत्तीसगढ़ के विकास में सबसे बड़ी बाधा था। प्रदेश की जनता भी इससे मुक्ति चाहती थी। अब नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं।
भूपेश बघेल के आरोपों को CM ने किया खारिज
छत्तीसगढ़ के उद्योगपतियों के हाथों में जाने संबंधी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर भी मुख्यमंत्री साय ने जवाब दिया। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए कहा कि प्रदेश में ऐसा कुछ नहीं हो रहा है। छत्तीसगढ़ हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और लगातार विकास की दिशा में प्रगति कर रहा है।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। इसी अवसर पर छत्तीसगढ़ में भी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन धरमजयगढ़ में किया जा रहा है।

