बेमेतरा में आधी रात हथियारबंद बदमाशों का उत्पात : घरों में तोड़फोड़ और जान से मारने की दी धमकी, 18 आरोपी पकड़े गए

बेमेतरा। जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र के नयापारा वार्ड-15 में आधी रात हथियारों से लैस युवकों ने जमकर हंगामा किया। थाने में शिकायत दर्ज कराने से नाराज आरोपियों ने एकजुट होकर मोहल्ले में कई घरों को निशाना बनाया। उन्होंने लोहे की रॉड, डंडों और धारदार हथियारों से दरवाजे तोड़े, बाहर खड़ी बाइक को क्षतिग्रस्त किया और लोगों को जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 18 आरोपियों को पकड़ा है।

शिकायत से नाराज होकर आधी रात पहुंचे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, नयापारा निवासी नागेश साहू (23) ने 10 नवंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 9 नवंबर की रात करीब एक बजे वह घर में सो रहा था, तभी दिनेश भट्ट, ध्वनि भट्ट, ध्वज भट्ट और उनके साथी वहां पहुंच गए। आरोपियों को इस बात पर नाराजगी थी कि मोनू यदु ने उनके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी और मोहल्ले के लोग उसका समर्थन कर रहे थे। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए किसी को जिंदा नहीं छोड़ने की धमकी दी। इसके बाद लोहे की रॉड, डंडों और धारदार हथियारों से नागेश के घर का दरवाजा तोड़ दिया। आरोपियों ने मोनू यदु के घर के दरवाजे और बाहर खड़ी बाइक क्रमांक CG 25 Q 8864 को भी नुकसान पहुंचाया।

13 बालिग जेल भेजे गए, पांच नाबालिग बोर्ड के सामने पेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोनल ग्वाला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। 12 और 13 नवंबर को दबिश देकर कुल 18 लोगों को पकड़ा गया। इनमें 13 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया, जबकि पांच नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो धारदार हथियार, स्टील पाइप और बांस के डंडे भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार बालिग आरोपियों में मुखेन्द्र साहू, लक्की उर्फ प्रिंस यादव, ध्वज शर्मा, ध्वनि शर्मा, नरसिंग यादव, माधव शर्मा, साहिल रिजवी, मुकेश गुप्ता, राकेश उर्फ राहुल यादव, गौरव साहू, मोनिश साहू, अभिषेक साहू और देवेन्द्र उर्फ देव निषाद शामिल हैं।

जांच के बाद बढ़ाई गईं धाराएं

पुलिस ने शुरुआत में सामान्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। विवेचना के दौरान घर में घुसकर हमला करने और तलवार-रॉड जैसे हथियारों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आने पर बीएनएस की धारा 331(6), 95 और 191(3) के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

पेंड्रा में धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन का...

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धान के अवैध भंडारण और खरीदी केंद्रों में अनियमित तरीके से धान खपाने की कोशिशों पर जिला प्रशासन...

कोल्दा गांव में डीजे प्रतियोगिता के दौरान खूनी संघर्ष...

महासमुंद। जिले के ग्राम कोल्दा में आयोजित डीजे डांस प्रतियोगिता उस समय हिंसा के मैदान में बदल गई, जब दो पक्षों के बीच किसी...

अंबिकापुर में छह बेजुबानों पर क्रूरता : CCTV फुटेज...

अंबिकापुर। शहर के पंजाब गार्डन के पीछे बेजुबान जानवरों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। यहां छह मासूम पिल्लों को...

कटघोरा में मौत बनकर आया तेज रफ्तार ट्रेलर :...

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा में नेशनल हाईवे-130 पर रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो यात्रियों की जान चली गई,...