खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 2000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाई नष्ट

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य सुरक्षा को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने उत्सव डेयरी का निरीक्षण किया, जहां गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में बड़ी मात्रा में खोवा, पनीर और मिठाइयों का भंडारण किया गया था। जांच के दौरान करीब 2000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो मिठाई को नष्ट कराया गया।

जानकारी के मुताबिक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशन में उत्सव डेयरी का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। खोवा और पनीर के कई पैकेटों में फफूंद लगी हुई थी। फर्श भी फिसलन भरा था और खाद्य पदार्थों के भंडारण में स्वच्छता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।

निरीक्षण के दौरान एक और गंभीर लापरवाही सामने आई। डेयरी में दूध फाड़ने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एसिटिक एसिड फूड ग्रेड का नहीं पाया गया। इससे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सेहत पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था।

खाद्य पदार्थों की खराब स्थिति को देखते हुए नगर पालिका के अधिकारियों के सहयोग से मौके पर मौजूद करीब 2000 किलो खोवा, 900 किलो पनीर और 150 किलो विभिन्न प्रकार की मिठाइयों का नष्टीकरण कराया गया। कार्रवाई में स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पंचायत पदाधिकारियों ने भी सहयोग किया।

एक सप्ताह के लिए खाद्य लाइसेंस निलंबित

विभाग ने उत्सव डेयरी का खाद्य लाइसेंस एक सप्ताह के लिए निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता की उचित व्यवस्था सुनिश्चित होने तक डेयरी में कामकाज बंद रहेगा। निर्धारित अवधि में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन की अवधि बढ़ाई जा सकती है।

पनीर, खोवा और घी के सैंपल जांच के लिए भेजे

डेयरी में एनालॉग पनीर बनाए जाने के संदेह के चलते विभाग ने पनीर, खोवा और घी के नमूने लेकर जांच के लिए फूड टेस्टिंग लैब भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में चलाए जा रहे ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान के तहत मिलावटी और अस्वच्छ खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

AI की मदद से बनाया दुर्ग कलेक्टर का फर्जी...

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का एक मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने AI की मदद...

डीएड अभ्यर्थियों का शिक्षा मंत्री के बंगले पर घेराव,...

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में डीएड (D.Ed.) अभ्यर्थियों ने लंबित नियुक्ति की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव...

छत्तीसगढ़ में फिर मंडराया चक्रवात का खतरा! बंगाल की...

रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर चक्रवात का असर देखने को मिल सकता है। तूफान अर्नब और मुरासु के बाद अब बंगाल की खाड़ी...

युवती से गैंगरेप, प्रेमी के साथ गार्डन घूमने गई...

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। खरसिया थाना क्षेत्र के बोतल्दा रॉक गार्डन...