दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दुरुपयोग का एक मामला सामने आया है। यहां दो युवकों ने AI की मदद से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार कर लिया और आबकारी विभाग में जमा कर जप्त मोटरसाइकिल छुड़ाने पहुंच गए। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन में आदेश फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति भी जब्त की गई है।
जब्त बाइक छुड़ाने के लिए रची साजिश
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को जय कुमार आडिल और युगल किशोर शर्मा आबकारी नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-01 भिलाई पहुंचे थे। दोनों ने वर्ष 2025 के आबकारी प्रकरण में जप्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 B 15687 (होंडा HF डिलक्स) को सुपुर्दनामा में प्राप्त करने के लिए कलेक्टर दुर्ग के नाम से जारी एक आदेश प्रस्तुत किया।
आबकारी कार्यालय में अधिकारियों ने जब आदेश का परीक्षण और सत्यापन किया, तो दस्तावेज फर्जी एवं कूटरचित पाया गया। इसके बाद मामले की शिकायत थाना भिलाई भट्ठी में दर्ज कराई गई और पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

AI से तैयार किया था फर्जी सरकारी आदेश
विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने AI की सहायता से कलेक्टर दुर्ग के नाम से फर्जी शासकीय आदेश तैयार किया था। इसी दस्तावेज को असली सरकारी आदेश बताकर आबकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया था, ताकि जप्त मोटरसाइकिल वापस मिल सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और फर्जी आदेश की प्रति जब्त की है। दोनों आरोपियों को 14 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- जय कुमार आडिल उर्फ पप्पू (32 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, सतनामी पारा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
- युगल किशोर शर्मा उर्फ राजा (40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहरेंगा, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय आदेश, प्रमाण-पत्र या आधिकारिक दस्तावेज की सत्यता की पुष्टि संबंधित विभाग से जरूर करें। AI या डिजिटल माध्यमों से फर्जी सरकारी दस्तावेज तैयार करना और उनका इस्तेमाल करना दंडनीय अपराध है। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे सहित पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

